दुर्ग

पार्षद पद के प्रत्याशियों के अलावा कांग्रेस-भाजपा के नेताओं की प्रतिष्ठा लगी दांव पर
26-Jun-2023 2:31 PM
पार्षद पद के प्रत्याशियों के अलावा कांग्रेस-भाजपा के नेताओं की प्रतिष्ठा लगी दांव पर

कसारीडीह वार्ड में चुनावी शोर-शराबा थमा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 जून। दुर्ग नगर निगम अंतर्गत कसारीडीह वार्ड क्रमांक-42 में पार्षद पद के लिए हो रहे उपचुनाव का शोर-शराबा रविवार की शाम थम गया। प्रचार-प्रसार का अंतिम दिन होने से कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते, भाजपा प्रत्याशी कांता साहू और निर्दलीय प्रत्याशी खिलेश्वरी साहू ने अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं को साधने पूरी ताकत झोंक दी। कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते के पक्ष में विधायक अरुण वोरा, महापौर धीरज बाकलीवाल व कांग्रेस के अन्य नेता आज वार्ड में सक्रिय रहे।

उन्होंने सभा व रैली कर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए मतदाताओं से आशीर्वाद मांगा। वहीं सांसद विजय बघेल, जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा, महामंत्री ललित चंद्राकर व अन्य भाजपा नेताओं ने भी वार्ड में सघन जनसंपर्क कर मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील की। जनसंपर्क अभियान में निर्दलीय प्रत्याशी खिलेश्वरी निर्मलकर भी कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते और भाजपा प्रत्याशी कांता साहू से कहीं पीछे नहीं रही। वे भी आज दिनभर अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं से डोर टू डोर जनसंपर्क करने में व्यस्त रही।

प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन सांसद, विधायक व महापौर के वार्ड में पहुंचने से आज जोरदार चुनावी माहौल बना। कसारीडीह वार्ड क्रमांक-42 के पार्षद पद के उपचुनाव के लिए 27 जून को मतदान होंगे। उपचुनाव के नतीजे 30 जून को आएंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के ठीक 4 महीने पहले कसारीडीह वार्ड क्रमांक-42 में पार्षद पद के लिए हो रहे उपचुनाव को राजनीतिक चश्मे से सेमीफाइनल के रूप में देखा जा रहा है। जिसकी वजह से प्रत्याशियों के अलावा कांग्रेस और भाजपा के नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है,लिहाजा इस उपचुनाव में प्रत्याशियों की जीत या हार के मायने उनसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता है। बहरहाल कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते वार्ड के बहुमुखी विकास और पूर्व पार्षद स्व. मनी गीते के उपलब्धि भरे कार्यों एवं अधूरे सपनों को पूरा करने के मुद्दे को लेकर चुनावी मैदान में उतरी है। पूर्व पार्षद स्व.मनी गीते मौजूदा कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी प्रीति गीते की सास थी।

प्रीति गीते के पति प्रकाश गीते भी वार्ड के पार्षद रह चुके हैं। पूर्व पार्षद प्रकाश गीते व उनकी मां स्व.मनी गीते के पार्षदी कार्यकाल में वार्ड में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए है। जिसका इस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते को लाभ मिलता नजर आ रहा है। वहीं भाजपा प्रत्याशी कांता साहू इस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रीति गीते को परिवारवाद के मुद्दे पर कड़ी चुनौती दे रही है। भाजपा प्रत्याशी कांता साहू पहले भी वार्ड की पार्षद रह चुकी हैं। उनका चुनावी मुद्दा और पार्षदी अनुभव इस चुनाव में उनके लिए बड़ा हथियार बना हुआ है।

 निर्दलीय प्रत्याशी खिलेश्वरी निर्मलकर कांग्रेस-भाजपा की नीतियों के खिलाफ चुनाव लड़ रही है। उनका मतदाताओं से चुनाव में अपील है कि आपने पहले कांग्रेस और भाजपा को अवसर दिया है, एक अवसर वार्ड के विकास के लिए निर्दलीय प्रत्याशी को भी देवें। खिलेश्वरी को कांग्रेस-भाजपा से नाराज लोगों का समर्थन मिल रहा है। प्रत्याशियों के यह अपने-अपने चुनावी मुद्दे व दावे क्या रंग लाते हैं, यह तो समय बताएगा, लेकिन इस वार्ड उपचुनाव में चुनावी मुद्दों व दावों ने नतीजे को काफी रोचक बना दिया है।


अन्य पोस्ट