दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 24 जून। भिलाई- चरोदा निगम द्वारा पात्रता की इन शर्तो पर बेरोजगारी भत्ता योजना के आवेदन स्वीकार किये जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ का मूल निवासी, 01 अप्रेैल 2023 की स्थिति में आयु 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच हो, 12 वीं परीक्षा उत्तीर्ण हो, 01 अप्रैल 2023 को 2 वर्ष पुराना रोजगार पंजीयन हो तथा वार्षिक आय रूपए 2.50 लाख से अधिक ना हो ।
निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी के निर्देशानुसार योजना लिपिक रूपेन्द्र वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन द्वारा तय किये गए मापदण्डो के अनुरूप आवेदन की प्रक्रिया केवल आनलाईन है, रोजगार पंजीयन क्रमांक, मोबाईल नंबर अनिवार्य, आधार अगर राशन कार्ड में ना हो तो आधार अनिवार्य, डीबीटी द्वारा भुगतान के लिए बैंक खाता जरूरी है।
चरोदा निगम कार्यालय को बेरोजगारी भत्ता योजना हेतु ऑनलाईन प्राप्त आवेदनो की संख्या समाचार लिखे जाने तक 607 है। जिसमें पात्र पाए गए आवेदन 468 है। वही 118 आवेदन पर पात्रता नही होने के कारण इन्हें अस्वीकृत करने की कार्यवाही की गई है।
अपात्र होने वाले आवेदनो में ये मुख्य कारण है। एक परिवार से एक से अधिक व्यक्ति द्वारा योजना के लिए आवेदन। शासकीय कर्मचारी के परिवार का सदस्य होना। जबिक ग्रुप डी एवं चतुर्थ श्रेणी के शासकीय कर्मचारी के परिवार के व्यक्ति की इसमें छूट प्रदान की गई है।
10,000 रूपए मासिक या उससे अधिक के पेंशन भोगी के परिवार, वे परिवार जो आयकर दाता है, इन सभी को योजना हेतु अपात्र माना गया है। निगम भिलाई-चरोदा में बेरोजगारी भत्ता योजना से संबंधित कंम्प्यूटर ऑपरेटर श्याम सुंदर ने आवेदन ऑनलाईन किये जाने के दौरान अपलोड किये जाने वाले दस्तावेजों के विषय में बताया कि रोजगार पंजीयन कार्ड, 10-12वीं की मार्कशीट प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र,मूल निवासी प्रमाण पत्र एवं फोटो के साथ आवेदन किये जा सकेंगे।