दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 16 जून। छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी और पंजाब विधायक गैरी बीरिंग गुरुवार को दुर्ग पहुंचे। यहां उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर 2 जुलाई को बिलासपुर में आयोजित महारैली की तैयारियों की समीक्षा की और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से कार्यकर्ताओं की महारैली में हजारों की संख्या में उपस्थिति पर जोर दिया। इसके पहले छत्तीसगढ़ आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी गैरी बीरिंग ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पार्टी के महारैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
महारैली में छत्तीसगढ़ के पूरे विधानसभा क्षेत्रों से करीब एक लाख से ज्यादा लोग जुटेगे। कार्यकर्ताओं व लोगों में पार्टी की महारैली को लेकर भारी उत्साह का माहौल है। फलस्वरुप दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से महारैली में करीब 5 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। एक सवाल के जवाब में आप के छत्तीसगढ़ सह प्रभारी गैरी बीरिंग ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पिछले 23 साल में जनता ने कांग्रेस व भाजपा सरकार के कार्यों को देख लिया है। भ्रष्टाचार के मामले में कांग्रेस की वर्तमान सरकार भाजपा से भी आगे निकल गई है। किसान, गरीब व शासकीय कर्मचारी राज्य की कांग्रेस सरकार के नीतियों से परेशान हैं। इसलिए अब जनता का कांग्रेस व भाजपा से विश्वास उठ गया है। इसके विपरीत भ्रष्टाचार मुक्त देश का नारा देकर राजनीति में आई आम आदमी पार्टी को छत्तीसगढ़ में जनता का जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है। जो छत्तीसगढ़ में बदलाव के बड़े संकेत है। जिससे छत्तीसगढ़ में इस बार आम आदमी पार्टी सरकार बनाएगी।
श्री बीरिंग ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आप पूरे 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। सर्वे के आधार पर प्रत्याशी तय किए जाएंगे। जनता जिसे चाहेगी टिकट उसी का फायनल किया जाएगा। प्रत्याशियों की घोषणा चुनाव के एक महीने पहले किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ में दिल्ली व पंजाब मॉडल पर चुनाव लड़ेगी। मुख्य चुनावी मुद्दा भ्रष्टाचार होगा। बुनियादी सुविधाओं पर भी पार्टी का विशेष फोकस रहेगा। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के मंत्रियों के भ्रष्टाचार में फंसे होने के मामले से जुड़े एक सवाल के जवाब में श्री बीरिंग ने कहा कि केंद्र सरकार आम आदमी पार्टी की बढ़ती लोकप्रियता से घबरा गई है। इसलिए केंद्र सरकार ईडी व अन्य एजेंसियों का दुरुपयोग कर साजिशपूर्ण तरीके से आप के मंत्रियों व नेताओं को भ्रष्टाचार के झूठे मामले में फंसा रही है।
आप के मंत्रियों को किन मामलों में जेल भेजा गया है। इसका एजेंसियों के पास जवाब नहीं है। अब तक एजेंसियां आरोप साबित नहीं कर पाई है। यह सारे विषय मामला झूठे होने का बड़ा प्रमाण है। मीडिया से चर्चा के दौरान श्री बीरिंग के साथ दुर्ग लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष डॉ.एसके अग्रवाल, जिला अध्यक्ष अमित हिरवानी, प्रदेश सचिव वदूद आलम, आईटी विंग प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान सिंह, ट्रांसपोर्ट विंग अध्यक्ष सुमित शर्मा, जिला सचिव संजीत विश्वकर्मा, महिला विंग सचिव के.ज्योति व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।