दुर्ग
3 आरोपियों को नई दिल्ली से पकड़ लाई दुर्ग पुलिस
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर,16 जून। कंपनी में फ्रें चायजी दिलाने के नाम पर 1.60 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को दुर्ग पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी जगप्रीत सिंह (45 वर्ष) कादम्बरी नगर दुर्ग द्वारा 26 मई को रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि एक मार्च 2018 से 26 मई 2023 के मध्य आरोपी कोलस्टोन बाथ एण्ड स्पा प्रा.लि. कंपनी नई दिल्ली के मालिक अमित आहुजा, अनिल आहुजा, बबिता दिव्या उर्फ बबिता कपिला एवं अमित नेगी द्वारा प्रार्थी को बाथ टब और सेनेटरी सामान की डीलरशिप दिलाने के नाम पर अनुज्ञा अनुबंध कराकर अनुज्ञा
अनुबंध के शर्तों का पालन नहीं कर एक करोड़ 60 लाख 82 हजार 310 रुपये की ठगी की है। रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में धारा 420, 34 का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम दिल्ली से आरोपी अनिल कुमार आहुजा, अमित आहुजा एवं अमित नेगी को गिरफ्तार कर भिलाई लाई है। आरोपियों के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।