दुर्ग

कांग्रेस नेता के होटल तक बना सीसी रोड, भाजपा ने लगाया पक्षपात का आरोप
15-Jun-2023 8:09 PM
कांग्रेस नेता के होटल तक बना सीसी रोड, भाजपा ने लगाया पक्षपात का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
भिलाई नगर, 15 जून।
निगम मुख्यालय भिलाई के ठीक बगल स्थित शिवनाथ कांप्लेक्स से लगे कांग्रेस नेता सुभाष साव के बड़े होटल को लाभ पहुंचाने छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन मद से 25 लाख रूपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण कर क्षेत्र के श्रमिक इलाकों की बदहाल सडक़ों को दरकिनार करते हुए पक्षपाती रवैया कांग्रेस ने अपनाया है। 

उक्त आरोप लगाते हुए भिलाई नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा ने बताया कि जब इस सडक़ का भूमिपूजन किया गया था, उसी समय उन्होंने निगम आयुक्त से इसका विरोध किया था।  उनका कहना है कि उन्होंने जब साइट का निरीक्षण किया तो देखा कि वहां रोड आधी बनी है। नेशनल हाइवे से लेकर सडक़ को कांग्रेस नेता के होटल तक ही बनाया गया है, जबकि आगे की सडक़ को अधूरा छोड़ दिया गया है। इससे सभी व्यवसायियों को फायदा न पहुंचकर केवल कुछ होटल व्यवसायियों को ही फायदा पहुंचा है। 

उन्होंने कहा कि बीजेपी इसकी फाइल तैयार कर रही है और इस पूरे मामले की जांच की जायेगी क्योंकि इसकी पूरी जिम्मेदारी निगम के आयुक्त और महापौर की बनती है कि वो शहर की जनता के लिए काम करें, न कि किसी धन्ना सेठ के लिए काम करें। शहर की गरीब जनता गरीबी के बाद भी राजस्व पटाती है, इसके बाद भी विकास उनके यहां न करके कुछ धन्ना सेठों को लाभ पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। भाजपा इस मुद्दे को जरूर उठाएगी।

भाजपा नेता भोजराज ने बताया कि कुछ साल पहले तक जो नगर निगम होटल में पार्किंग स्थल का दूसरा उपयोग और कांप्लेक्स की सडक़ पर पार्किंग कराने को लेकर नोटिस दे रहा था, जुर्माने की कार्रवाई कर रहा था। उसी नगर निगम ने इस होटल तक गाडिय़ों के पहुंचने और वाहनों की पार्किंग के लिए राज्य सभा सांसद के मद से 25 लाख की लागत से सीसी रोड बना दिया है। राज्य सभा सांसद रंजीत रंजन द्वारा उद्घाटन करने के बाद जब विपक्षी दल ने इस मुद्दे को उठाया तो नगर निगम सफाई देता फिर रहा है। निगम का कहना है कि वो पूरे शहर की सडक़ों का निर्माण कर रहे हैं। उसमें एक ये सडक़ भी थी। इस सडक़ से केवल कांग्रेसी नेता को ही नहीं अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को भी फायदा पहुंचा है। 

ज्ञात हो कि जिस शिवनाथ कांप्लेक्स में निगम ने सीसी रोड का निर्माण किया है वहां और भी कई सडक़ें ऐसी हैं जो काफी खराब हो चुकी हैं। वहां भी बड़े-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं और वो लोग भी निगम को बड़ा टैक्स देते हैं। ऐसे में निगम ने सिर्फ कांग्रेस नेता के होटल के आसपास ही आधी अधूरी सडक़ बनाई है। 

भाजपा पार्षदों का कहना है कि निगम सिर्फ अपने लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए काम कर रहा है। नगर निगम ने सांसद निधि से कांग्रेस नेता को सीसी रोड की सौगात दी तो कांग्रेस नेता ने भी राज्य सभा सांसद के आगमन से लेकर उनके कार्यक्रम को अपने होटल में करा दिया। आलीशान आयोजन को देखकर राज्य सभा सांसद रंजीत रंजन काफी खुश दिखीं लेकिन शायद उन्हें ये नहीं पता था कि गरीबों के हित की बात करने वाली सांसद के मद से निगम ने गरीब को नहीं बल्कि कुछ चिन्हित व्यावसायियों को फायदा पहुंचाया है।

भिलाई नगर निगम के महापौर नीरज पाल ने बताया कि राज्यसभा सांसद मद से 25 लाख रुपए की राशि मिली थी, निगम ने सिर्फ शिवनाथ कांप्लेक्स ही नहीं पूरे शहर के विकास का खाका तैयार किया है। शहर की सभी खराब सडक़ों को बनाने का कार्य किया जा रहा है, इससे शहर की जनता को समान लाभ मिलेगा।

इस मुद्दे पर होटल व्यवसायी और कांग्रेस नेता सुभाष साव का कहना है कि सडक़ निर्माण से केवल उन्हें ही नहीं सभी व्यावसायियों फायदा पहुंचा है, भाजपाई उनका नाम लेकर केवल मुद्दा बना रहे हैं।


अन्य पोस्ट