दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 11 जून। मैत्री बाग के सुल्तान एवं रक्षा ने तीन शहजादों को जन्म दिया है। मैत्री गार्डन के सुल्तान की सल्तनत को भविष्य में यही तीनों शावक संभालेंगे।
मैत्रीबाग उद्यान विभाग प्रबंधन द्वारा जानकारी दी गई है कि विगत डेढ़ माह पूर्व मादा सफेद बाघ रक्षा ने 3 नन्हें शावकों को जन्म दिया है इनके पिता का नाम सुल्तान है, इसके एक वर्ष पूर्व रोमा द्वारा भी एक नन्हें शावक को जन्म दिया गया था। जिसके पिता सुल्तान ही थे।
विदित हो कि नियमानुसार जन्म के पश्चात चार माह तक नन्हें शावकों को माँ के सानिध्य में डॉक्टरों की विशेष देखरेख एवं निगरानी में स्तनपान एवं अन्य कारणों से डार्क रूम में रखा जाता है। मैत्री बाग में जन्मे इन नन्हें शावकों को भी डॉक्टर द्वारा अपनी निगरानी में रखा गया है और मेडिसिन के रूप में उन्हें विशेष प्रकार की विटामिन युक्त दवाइयां दी जा रही हैं जिससे कि वे हष्ट-पुष्ट और सेहतमंद रह सकें। जन्म तारीख से चार माह पश्चात ही शावकों को मैत्री बाग के पर्यटकों के लिए बाहर निकाला जाएगा।
ज्ञात हो कि वर्ष 1997 में सफेद बाघ का एक जोड़ा नंदन कानन चिडिय़ा घर भुनेश्वर से मैत्री बाग में लाया गया था। अनुकूल वातावरण और बेहतर रख रखाव के कारण यहाँ सफ़ेद बाघों की वंश वृद्धि लागातार होती रही, पूर्व में भी मैत्री बाग में 12 से भी अधिक सफ़ेद बाघों का प्रजनन कराया गया है और उक्त प्रजनन क्षमता एवं वंश वृद्धि के दृष्टिगत ही पूरे देश भर में मैत्री बाग के सफ़ेद बाघों की बेहद मांग है, जिसे मैत्री बाग प्रबंधन ने सेंट्रल जू ऑथोरिटी के नियम अनुसार देश के 5 से भी अधिक चिडिय़ाघरों के साथ विनिमय किया है। पूर्व के 6 बाघों और 3 नन्हें शावकों को मिलाकर मैत्री बाग चिडिय़ाघर में अब बाघों की कुल संख्या 9 हो गई है।