दुर्ग

ससुराल पक्ष से रात को हुई थी मारपीट, पत्नी ने डंडे से मारा, मृत मिला
26-May-2023 2:11 PM
ससुराल पक्ष से रात को हुई थी मारपीट, पत्नी ने डंडे से मारा, मृत मिला

4 साल के बच्चे को छोड़ पत्नी ने किया दूसरा विवाह 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 26 मई।
बीती रात नेवई थाना क्षेत्र के स्टेशन मरोदा में मारपीट कर एक युवक की हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा कि कल रात युवक का ससुराल वालों से झगड़ा हुआ और इस दौरान उसकी पत्नी कविता ने डंडे से उसे पीटा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शंकर पारा निवासी मृतक अभिषेक नायक पिता कृष्णा नायक पेशे से दिहाड़ी मजदूर था। उसकी स्टेशन मरोदा के ही इंद्रा चौक में ससुराल है। 

बताया जा रहा है कि अभिषेक की पत्नी अपने 4 वर्ष के बच्चे को घर में छोड़ एक अन्य युवक के साथ रहने लगी थी। बगैर तलाक कविता ने दूसरी शादी कर ली थी, जो कि विवाद का कारण रहा। 

परिजनों के मुताबिक कल अभिषेक अपनी ससुराल इंद्रा चौक गया था। वहां सास, ससुर, पत्नी से उसका झगड़ा हुआ। कविता और उसके दूसरे पति, ससुर गुमान और सास से मारपीट हुई। इसके बाद अभिषेक रात में घर नहीं आया। 

अभिषेक के पिता कृष्णा को रात में खबर मिली कि अभिषेक ससुराल के समीप चौक पर पड़ा हुआ है। जब परिजन वहां पहुंचे तो अभिषेक की सांसें थम चुकी थी। अभिषेक की हत्या किसने की यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। 

ससुराल पक्ष और मृतक की पत्नी से पुलिस पूछताछ की जा रही है। पंचनामा कर लाश को मरच्यूरी भेज दिया गया है। मृतक की पत्नी कविता, उसके दूसरे पति, पिता गुमान से पूछताछ की जा रही है।
 


अन्य पोस्ट