दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 24 मई। पाटन विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सांकरा में 21 मई को आयोजित भरोसे का सम्मेलन को जिला पंचायत के सदस्य एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हर्षा लोकमणि चंद्राकर ने ढकोसला कहा।
जारी विज्ञप्ति में आगे कहा- इस आयोजन के बहाने करोड़ों रुपए पानी की तरह बहा दिए जाएंगे। लगातार अभी कई भ्रष्टाचार हो रहे हैं जिसका खुलासा भी हो रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल अपने क्षेत्र में अपने आकाओं को खुश रखने के लिए यह सब कर रहे हैं। श्रीमती चंद्राकर ने बताया कि कांग्रेस सरकार छत्तीसगढ़ की जनता के बजाय अपने बड़े नेताओं को खुश करने यह उपाय कर रहे हैं। वर्तमान में जो घटना हो रही है उसके अनुसार इसे ठगों का सम्मेलन या ढकोसला कहा जा सकता है।
2018 के बाद लगातार छत्तीसगढ़ प्रदेश मे कांग्रेस की सरकार ने आम जन का भरोसा तोड़ा है, झूठ का सहारा लेकर सत्ता मे आई सरकार ने अपने घोषणा पत्र में किये वायदों को पूरा नहीं करके लोगों का भरोसा तोड़ा है, कर्मचारियों, अधिकारियों से किए गए वायदों को पूरा नहंीं करके अधिकारियों कर्मचारियों का भरोसा तोड़ा है, शराब बंदी का वायदा कर, गांव-गांव में शराब की बिक्री एव घोटालाकर महिलाओं बहनों का भरोसा तोड़ा है, भरोसा तोडऩे का अति तब हो गया मुख्यमंत्री जी को अपने ही विधानसभा अंतर्गत सम्मेलन करने की जरूरत पड़ गई यह सम्मेलन आयोजित कर के यह साबित कर दिया है कि आपने अपने विधान सभा के मतदाताओं का भरोसा तोड़ा है।
आपने अपने कुछ विश्वास पात्र लोगों के कारण पाटन विधानसभा के लोगों के विश्वास के साथ खिलवाड़ किया है, तभी तो आप 89 विधान सभा को छोडक़र अपने ही विधानसभा में सम्मेलन करने की जरूरत पड़ गई, यह बात बड़ी निंदनीय है कि सम्मेलन भीड़ बढ़ाने सरकारी तंत्र का दुरूपयोग कर रहे है सत्ता एवं पैसे के दम पर सम्मेलन को सफल करने का प्रयास है,पर ये पब्लिक है सब जानती है।
श्रीमती चंद्राकर ने कहा कि टूट रही भरोसे को बचाने सम्मेलन का सहारा लेकर सीएम अपने ही विधानसभा में बेगाने हो गए है तभी तो सम्मेलन के दो दिन पूर्व स्वयं मुख्यमंत्री को 4-4 घंटे तक पाटन में रुककर तैयारी बैठक करनी पड़ी अर्थात अब उनको पाटन के अपने कार्यकर्ताओं पर विश्वास नहीं है या ये कार्यकर्ता अब उस लायक नहीं रह गए है।