दुर्ग
समाज के नियम-दस्तूर में एकरूपता लाने अहम प्रस्ताव पारित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 मई। केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ के बैनरतले ठाकुर देवालय कचना धुरवा सिविल लाइन में आयोजित गोंड समाज के दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शनिवार को केंद्रीय अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने बुढादेव की पूजा अर्चना कर शुरुआत की।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के महासभा पदाधिकारियों के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम व अन्य राज्यों से समाज के प्रतिनिधि सैकड़ों की सं ख्या में जुटे। राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रथम दिन शनिवार को जन्म संस्कार, वैवाहिक समारोह व मृत्यु संस्कार से जुड़े सामाजिक रीति-नीति, नियम-दस्तूर में एकरूपता लाने, तीज त्यौहार और रूढि़वादी परंपराओं पर सामूहिक रूप से चर्चा की गई। इन मुद्दों पर चर्चा उपरांत समाज प्रमुखों की सहमति से प्रस्ताव भी पारित किए गए।
इसके पहले अपने अध्यक्षीय भाषण में केंद्रीय गोंड महासभा धमधागढ़ अध्यक्ष एमडी ठाकुर ने समाज के प्रतिनिधियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि इस राष्ट्रीय कायर्शाला के माध्यम से गोंड समाज के लोगों को एक नई दिशा मिलेगी। जिससे समाज अपनी रूढि़वादी विचारधाराओं को त्याग कर विकास व उत्थान की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। परंपराओं में एकरूपता आएगी। इसलिए यह कायर्शाला समाजहित में अहम स्थान रखता है। श्री ठाकुर ने अपने उद्बोधन में नारी शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि कोई समाज तब आगे बढ़ता है, जब उस समाज की महिलाएं शिक्षित हो। कार्यशाला को देश के अलग-अलग राज्यों से आए समाज के प्रतिनिधियों व प्रमुखों ने भी संबोधित कर सामाजिक एकजुटता पर बल दिया। राष्ट्रीय कार्यशाला में महासभा के सलाहकार सीताराम ठाकुर, प्रवक्ता ऋषि ध्रुव, महासचिव नीलकंठ गड़े, उपाध्यक्ष फागूराम मरकाम, सचिव संतराम छदैया, कार्यालय सचिव पन्नालाल नेताम, प्रवक्ता विष्णु ठाकुर, गोंड समाज दुर्ग जिला अध्यक्ष राजेश ठाकुर, महासचिव कमलेश नेताम, महिला अध्यक्ष यशेश्वरी ध्रुव, दुर्ग शहर महिला अध्यक्ष श्रीमती भीषम नागेश,महासभा स्तर के पदाधिकारी, केंद्रीय प्रबंध समिति के पदाधिकारी शामिल हुए।