दुर्ग
पीडि़ता की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने किया अपराध दर्ज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 21 मई। विवाह के 15 दिन बाद से ही ससुराल वालों ने पीडि़ता को मायके से रकम लाने की बात कह कर प्रताडि़त किया। परेशान होकर पीडि़ता पिछले 4 साल से अपने बच्चे को लेकर मायके में रह रही है। ससुराल वाले उसे अपने साथ लेकर नहीं गए। परेशान पीडि़ता ने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीडि़ता के पति एवं सास के खिलाफ धारा 498ए, 34 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक रिसाली भिलाई निवासी पीडि़ता का विवाह न्यू जैन मंदिर, एक्सटेंशन रोड सागर मध्य प्रदेश निवासी अमित कंवल पिता छोटेलाल कंवल के साथ 13 फरवरी 2018 को सामाजिक रीति रिवाज से हुआ था। पीडि़ता के माता.पिता ने अपनी हैसियत के अनुसार सोने-चांदी के जेवरात, सभी आवश्यक घरेलू सामान, नगद 10 लाख रुपए शादी में उपहार स्वरूप दिए थे । ससुराल में पति अमित कंवल एवं सास प्रतिभा कंवल दोनों उसे मायके से कम रुपए लाने का उलाहना देते हुए रकम लाने के लिए दबाव देने लगे थे। इसके बाद पति एवं सास ने उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताडि़त करते हुए उसके सारे जेवरात अपने कब्जे में ले लिए थे। प्रताडि़त होने के बावजूद पीडि़ता ने अपने मायके से रकम लाने से इनकार कर दिया। जब पीडि़ता गर्भवती हुई तब भी पति व सास उसे दहेज की मांग करते हुए गाली-गलौज करते मारपीट करने लगे। इससे पीडि़ता बीमार हो गई, तब मायके से भाई ने आकर अपनी बहन को अपने घर लेकर गया। पिछले 4 वर्षों से पीडि़ता अपने मायके में रह रही है। ससुराल वालों ने उसकी सुध नहीं ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।