दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 19 मई। पावर हाऊस कैम्प-2 क्षेत्र निवासी सरकारी स्कूल के शिक्षक के घर का ताला तोड़ अज्ञात चोर गहने, एलईडी और सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर निकल भागे हैं। छावनी थाना अंतर्गत जीई रोड से लगे इस क्षेत्र के मकान को चोरों ने तब निशाना बनाया जब शिक्षक परिवार सहित राजनांदगांव शादी में गए हुए थे। अगले दिन पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया।
छावनी थाना प्रभारी नवी मोनिका पांडेय ने बताया कि अर्जुन लाल सेन (37) मकान नं. 4, टाटालाईन जीई रोड के पास कैम्प-2 वार्ड-36 पावर हाउस निवासी हैं तथा पेशे से शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला लिटिया सेमरिया में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। सेन परिवार समेत ग्राम मोहदी थाना घुमका जिला राजनांदगांव पारिवारिक शादी में अपने घर पर ताला लगाकर गए थे। पड़ोसी प्रतिमा राय ने उन्हें मोबाईल से बताया कि आपके घर का ताला टूटा हुआ है, लगता है चोरी हुई है।
सूचना पाकर अर्जुन ने तत्काल पत्नी शशिप्रभा के साथ घर पहुंच कर देखा तो मुख्य दरवाजा और कमरे का ताला टूटा हुआ था। आलमारी खुली थी, आलमारी में रखे सोने चांदी की मशरूका दो जोड़ी चांदी की पायल, चांदी की कटोरी-चम्मच, सोने का लाकेट, सोने की अंगूठी 4 ग्राम व नगदी रकम 1000 रूपये, एलईडी स्मार्ट टीवी 32 इंच, किचन में रखा हुआ एक इंडेन गैस कंपनी का सिलेंडर अज्ञात चोर रात्रि में मकान का ताला तोडक़र ले गया है। अर्जुन की रिपोर्ट पर अज्ञात चोर के खिलाफ धारा 380, 457 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है।