दुर्ग

शासन एवं सामाजिक सहयोग से आत्मनिर्भर हो रहे है गौठान-वोरा
18-May-2023 3:56 PM
शासन एवं सामाजिक सहयोग से आत्मनिर्भर हो रहे है गौठान-वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 18 मई। छत्तीसगढ़ की प्रदेश सरकार द्वारा गौवंश के सरंक्षण के लिए प्रदेशभर में चलाए जा रहे गौठान से सैकड़ो मावेशियों को सरंक्षित किया जा रहा है।

दुर्ग निगम क्षेत्र में पुलगांव गोकुलनगर व नई गंजमण्डी में शहरी गौठान का संचालन हो रहा है। वरिष्ठ विधायक अरुण वोरा, कार्यपालन अभियंता सुशील बाबर, उपअभियंता मांझी के साथ ने पुलगांव गौठान के निरीक्षण में पहुंचे। वहां की व्यवस्था एवं क्रियाकलापो को देखा। वर्तमान में 385 गौवंश के साथ ही मछली, मुर्गी एवं बकरी पालन व 45 लाख से गोबर से वर्मी खाद में बदलने की व्यवस्था नगर निगम द्वारा की जा रही है।

वोरा ने कहा कि लाखो खर्च कर गौठान का स्वरुप बेहतर करने का प्रयास निरंतर जारी है। जिसके अंतर्गत प्रवेश द्वार, नाली, बाउण्ड्रीवाल, फेसिंग एवं  65 लाख से तीन शेड का निर्माण कार्य किया जा रहा है। डीएमएफ फंड से गौठान में गोबर से पेट एवं मशरुम उत्पादन हेतु ईकाइ स्थापना हेतु 25 लाख की राशि खर्च की जाएगी। गौठान के चारों तरफ बरसात के पूर्व कीचड़ से निदान के लिए सीमेंटीकरण व साफ-सफाई का कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

राज्य शासन की महत्वाकांक्षी गौठान योजना से पशु धन का सरंक्षण व रोका-छेका अभियान से सडक़ दुर्घटना में निरंतर कमी आ रही है व गोधन से स्व सहायता समूहों को खाद एवं बाय प्रोडक्ट से आय प्राप्त हो रही है। संचालन समितियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशानिक एवं शहर के आमजन व सामाजिक संगठनों का निरंतर सहयोग मिल रहा है।


अन्य पोस्ट