दुर्ग
भिलाई नगर, 18 मई। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 के तहत रैंकिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है, जल्द ही जांच के लिए दिल्ली से टीम भी पहुंचने वाली है। इसे देखते हुए रिसाली निगम आयुक्त लोकेश चन्द्राकर ने सडक़ पर उतरकर न सिर्फ सफाई व्यवस्था का अवलोकन किया बल्कि संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो कभी है, समय रहते सुधार लें, टीम आते तक शहर चकाचक साफ होना चाहिए। ज्ञात हो कि आयुक्त जैसे ही फील्ड में उतरे, निगम का सफाई अमला सक्रिय हो गया। आयुक्त ने पटरीपार के वार्ड 15, 16, 17, 18 व 19 के आसपास क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड-17 के पार्षद देव कुमार चंद्राकर ने उन्हें वार्डों में सफाई से जुड़ी कई समस्याओं से अवगत कराया। आयुक्त चन्द्राकर ने अधिकारियों से कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 से पहले शहर में साफ सफाई सुनिश्चित करने के लिए अभियान चलाएं। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए इसी माह केंद्रीय स्तर से टीम के पहुंचने की संभावना है। इससे पहले निगम प्रशासन शहर को चकाचक कर ले, यह जरूरी भी है। शहर को स्वच्छता रैंकिंग दिलाने के लिए आयुक्त लगातार प्रयास कर रहे हैं।