दुर्ग
भिलाई नगर, 18 मई। कार के भीतर जुगाड़ बना भिलाई स्टील प्लांट के भीतर से 70 हजार रूपये का केबल चोरी कर बाहर ले जा रहे आरोपी को सीआईएसएफ ने मेन गेट पर संदेह के आधार पर चेकिंग की और केबल जब्त कर आरोपी को भिलाई भट्टी पुलिस के हवाले किया है।
सुबह सीआईएसएफ आरक्षक रवि प्रकाश मेन गेट के आउट गेट पर तथा जीडी खिलेन्द्र कुमार साहू मेन गेट बेरियर पर तैनात थे। लगभग पौने 7 बजे एक सफेद रंग की हुण्डई सेन्ट्रो कार क्रमांक सीजी 04 डीके 0810 मेन गेट के आउट गेट से बाहर निकलने के लिये आई। रवि प्रकाश ने कार को रोक गहनता से चेक किया तो पिछली सीट के नीचे गुप्त केविटी बनाया हुआ था जिसमें बिना छिला कापर केबल भरा मिला।
कार चालक से पूछताछ करने पर आरोपी की पहचान अक्षय कुमार साहू (36 वर्ष) निवासी हाउस नं. 71 बीआरपी कालोनी, वार्ड 61, मरोदा सिविक सेन्टर भिलाई के रूप में हुई है। आरोपी से बीएसपी कर्मचारी का पास भी मिला जिसका पर्सनल नं. 146443 है और पास की वैधता 31 जुलाई 2035 है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से जब्त गेट पास बीएसपी प्रबंधन द्वारा जारी किए जाने वाले परिचय पत्र की डुप्लीकेट प्रति है। आरोपी बिना छिला हुआ केबल कार में छिपाकर चोरी की नियत से ले जाते हुए मेन गेट आउट गेट पर पकड़ा गया है। कार से बरामद कापर केबल का कुल वजन 140 किग्रा है जिसे यतेन्द्र कुमार प्रबन्धक एसएमएस-3 को सौंपा गया है। आरोपी के खिलाफ धारा 379 के तहत अग्रिम कार्रवाई भिलाई भट्टी थाना से की जा रही है।