दुर्ग

भाजपा महिला मोर्चा की प्रथम बैठक में महिला विरोधी नीतियों को उजागर करने बनी रणनीति
17-May-2023 3:20 PM
भाजपा महिला मोर्चा की प्रथम बैठक में महिला विरोधी नीतियों को उजागर करने बनी रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 17 मई। भाजपा महिला मोर्चा के जिला पदाधिकारियों की प्रथम बैठक जिला भाजपा कार्यालय दुर्ग में जिला अध्यक्ष दिव्या कलिहारी की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा, जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर एवं जिला उपाध्यक्ष दिलीप साहू उपस्थित रहे। बैठक में आगामी 21 मई को महिला मोर्चा की जिला कार्यसमिति की बैठक कराए जाने का निर्णय लिया गया।

जिला भाजपा अध्यक्ष जितेन्द्र वर्मा ने महिला नेताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने गंगाजल हाथ में लेकर कसम खाते हुए सत्ता मिलने पर प्रदेश की महिलाओं को शराब पर प्रतिबंध लगाने का वचन दिया था, लेकिन सत्ता हाथ में आने के बाद शराबबंदी की बजाय उसी शराब को अपने भ्रष्टाचार से कमाई का जरिया बना लिया और 2000 करोड़ रुपए का महाघोटाला किया, इसी महाघोटाले की जांच में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नजदीकी नेता जेल की हवा खा रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार घोटालों की सरकार है। शराबबंदी को लेकर झूठा वादा करके भूपेश बघेल ने प्रदेश की महिलाओं का अपमान किया है महिलाओं के इस अपमान का बदला आने वाले चुनाव में लेने के लिए दुर्ग जिले की की महिला मतदाताओं के बीच भूपेश बघेल की वादाखिलाफी और शराब घोटाले को पहुंचाने की जिम्मेदारी महिला मोर्चा की है।

जिला भाजपा महामंत्री ललित चंद्राकर ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रही है राजनीतिक क्षेत्र में काम करना महिलाओं के लिए कोई कठिन चुनौती नहीं है, किसी भी कार्य को सरलता के साथ संपन्न कराना महिलाओं की विशेषता होती है, महिलाएं बहुमुखी प्रतिभा के धनी होती है, एक ही समय में किचन और घर-परिवार संभालने के साथ उद्योग-व्यापार-व्यवसाय-नौकरी जैसे काम करने में भी सक्षम रहती है।

जिला भाजपा उपाध्यक्ष दिलीप साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है, महिलाओं की पहुंच घर के किचन तक होती है। महिला मोर्चा की सक्रियता भाजपा की जीत का आधार बनेगी।


अन्य पोस्ट