दुर्ग

वैवाहिक भवनों में हो रही चोरी
14-May-2023 4:26 PM
वैवाहिक भवनों में हो रही चोरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 14 मई। पुलिस की लाख कोशिश के बावजूद भी शहर में चोरी के मामले रुकते नजर नहीं आ रहे हैं। पहले चोर सुने आवासों को अपना निशाना बनाते थे परंतु उनके हौसले इतने बुलंद हो चुके कि वे बड़े.बड़े लांन, हॉल में हो रहे वैवाहिक आयोजन के बीच पहुंचकर चोरी करने से नहीं डर रहे हैं। इसका खामियाजा वैवाहिक आयोजन कराने वाले लोगों को हो रहा है।

शादी का सीजन प्रारंभ होते ही बड़े.बड़े हाल, लान आदि मे पहुंचकर चोर बाहर खड़ी वाहनों पर हाथ साफ कर रहे हैं। पिछले दिनों शहर के थानों एवं चौकी में वैवाहिक आयोजन के दौरान सोने चांदी के जेवरात, लिफाफे, गि ट आदि चोरी होने के मामले दर्ज किए जा चुके हैं।

वहीं कई प्रकरण शादी में शामिल होने आए लोगों की वाहन चोरी होने के भी दर्ज किए गए हैं। इसमें कहीं ना कहीं सुरक्षा की कमी सामने आ रही है।

वर्तमान में लगातार व पूर्व में भी इस तरह के मामले की शिकायत थानों में दर्ज की जाती है परंतु कई मामले अभी भी अनसुलझे हुए हैं। कहीं ना कहीं पुलिस की लापरवाही भी ऐसे आरोपियों को बढ़ावा दे रही है। इसी का परिणाम है कि आरोपियों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। शहर में लगभग 50 वैवाहिक लान, हॉल आदि है जो लाखों रुपए लेकर लोगों को विवाह या अन्य आयोजन के लिए किराए पर देते हैं।

ऐसे भव्य आयोजनों में हजारों लोगों का आना जाना लगा रहता है। कौन घराती है और कौन बाराती की ओर से आए हुए लोग हैं यह पता नहीं चलता है। इसी का फायदा चोर आसानी से उठा रहे हैं। वह आयोजन में  स्वयं उपस्थित रहते हैं और मौका पाते ही जेवरात, गि ट, लिफाफे आदि पर हाथ साफ कर निकल जाते हैं।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद घर वालों को पता चलता है कि उनके यहां यह घटना घट चुकी है। शहर में लगभग 50 शादी हॉल बने हुए हैं। शहर के प्रमुख हाल एवं लांन मे धनोरा रोड स्थित रजवाड़ा पैलेस, छत्तीसगढ़ आंगन, चोपड़ा पैलेस, बाफना मंगलम, 36 फोर्ट, सांईं मंगलम, पृथ्वी पैलेस, महिंद्रा रिसोर्ट, मेरीगोल्ड रिसॉर्ट, एसेंस रिसोर्ट, गायत्री पैलेस, मिलन मैरिज पैलेस, अभिनंदन पैलेस, शिवाजी पार्क आदि प्रमुख है, जिसे लोग अपनी सुविधा के अनुसार किराए पर लेकर आयोजन करते हैं।

शहर में लगभग सभी वैवाहिक भवन एवं लॉन में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

कुछ भवन के संचालकों ने बताया कि मेन इंट्रेंस, हाल, गली एवं आसपास की जगह पर कैमरे लगाए गए हैं परंतु नियम को देखते हुए कमरों के भीतर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं। कोई भी घराती या बराती एक कमरे से दूसरे कमरे में जाएगा तो वह कैमरे की कैद में आ जाएगा। इसी तरह बाहर के हो रहे आयोजन के भी पूरी रिकॉर्डिंग रखी जाती है।

संचालकों ने बताया कि जब किसी को कार्यक्रम के लिए स्थल दिया जाता है तो पूरी जिम्मेदारी उनकी हो  जाती है। कमरों में ताला भी उन्हीं के द्वारा लगाया जाता है। सामानों के सुरक्षा की भी जिम्मेदारी किराए पर भवन लेने वालों की ही होती है। मुख्य गेट, पार्किंग स्थल आदि पर सुरक्षाकर्मी की तैनाती भी रखी जाती है। शादी में कौन घराती है और कौन बाराती है इसकी जानकारी कई बार आयोजन कराने वाले लोगों को भी नहीं रहती है । इसी के कारण चोरी की नीयत से घुसे लोग अपना काम सफलतापूर्वक कर लेते हैं।


अन्य पोस्ट