दुर्ग
भ्रष्टाचार व जनहित के कार्य होंगे प्रमुख चुनावी मुद्दे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 मई। छत्तीसगढ़ के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को चार्ज करने दुर्ग पहुंचे आम आदमी पार्टी के छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी व पंजाब विधायक गुरुशरण सिंह ने शनिवार को मीडिया से चर्चा में कहा कि आम आदमी पार्टी ने सन् 2011 से भ्रष्टाचार के खिलाफ मुहिम छेड़े रखी है। जिसमें पार्टी को व्यापक सफलता मिली है। बेहतर कार्यों से दिल्ली व पंजाब में पार्टी की सरकार सत्तासीन है।
गुजरात,गोवा व अन्य राज्यों के चुनाव में पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। जिसकी वजह से कम समय में पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में दिल्ली में शिक्षा,स्वास्थ्य व जनहित के मुद्दे पर बेहतर कार्य किए जा रहे है। इस तर्ज पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पंजाब में कार्य कर लोगों का दिल जीत लिया है।
पंजाब सरकार जनता से किए सारे वादे पुरा कर रही है। दिल्ली व पंजाब के बेहतर कार्यों से अन्य राज्यों की जनता अब आम आदमी पार्टी की ओर बड़ी उम्मीद व आशा से देख रही है। आप के छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी गुरुशरण सिंह ने कहा कि जनता का अब कांग्रेस व भाजपा से मोहभंग हो चुका है। छत्तीसगढ़ में भाजपा 15 सालों तक सत्तासीन होने के बावजूद जनता का भरोसा कायम नहीं रख पाई। राज्य की वर्तमान कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचारों के आरोपों में घिरी हुई है। 2 हजार करोड़ के शराब घोटाले व अन्य मुद्दों का राज्य सरकार के पास जवाब नहीं है। जनता छत्तीसगढ़ के राज्य सरकार के नियत को समझ चुकी है। जिसका जनता समय आने पर जवाब देगी।
श्री सिंह ने एक सवाल के जवाब मे कहा कि छत्तीसगढ़ में आप का संगठन तैयार हो चुका है। पार्टी दमखम के साथ पूरे 90 विधानसभा में प्रत्याशी उतारेगी। योग्य प्रत्याशी को टिकट दिया जाएगा। चयन के लिए सर्वे किया जाएगा। अभी प्रत्याशी चयन के लिए समय है। चुनाव के एक-दो महीने पहले प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भ्रष्टाचार व जनहित केे कार्य पार्टी के प्रमुख चुनावी मुद्दे होंगे। साथ ही दिल्ली व पंजाब सरकार के उपलब्धि भरे कार्यों को लेकर प्रत्याशी जनता के बीच जाएंगे। उन्होने भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल के जवाब में कहा कि भाजपा सरकारी मिशनरियों का दुरुपयोग कर रही। आप पार्टी के नेताओं को षडय़ंत्र कर भ्रष्टाचार के आरोपों में फंसाने का प्रयास कर रही है,लेकिन आप नेताओं पर लगाए आरोपों को भाजपा साबित करने में असफल रही है।
श्री सिंह ने एक सवाल के जवाब में कहा कि आप भाजपा की बी टीम नहीं है। यह आम आदमी की पार्टी है और अब पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी होने का गौरव भी प्राप्त हो गया है। आप चुनाव लडऩे से पहले यह नहीं देखती कि किस प्रदेश में किसकी सरकार है।भाजपा व कांग्रेस को पराजित करने के उद्देश्य से चुनाव लड़ती है। मीडिया से चर्चा के दौरान आप के दुर्ग लोकसभा अध्यक्ष डॉ. एसके अग्रवाल,प्रदेश सचिव वदूद आलम,आईटी विंग प्रदेश अध्यक्ष मेहरबान सिंह,महिला विंग प्रदेश सचिव के. ज्योति,दुर्ग जिलाध्यक्ष अमित हिरवानी एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।