दुर्ग
80 करोड़ का शेयर घोटाला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 13 मई। कारोबारी प्रकाश जायसवाल से शेयर की धोखाधड़ी के आरोप में कोठारी बंधुओं को सीबीआई ने कल उनके घर पर गिरफ्तार किया और न्यायालय से इनका रिमांड ले अपने साथ कोलकाता ले गई है। पद्मनाभपुर दुर्ग निवासी सुरेश कोठारी, सीए श्रीपाल कोठारी और सिद्धार्थ कोठारी के खिलाफ महावीर डेवलपर्स के साथ 80 करोड़ रुपए से अधिक के शेयर घोटाले का मामला दर्ज है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वेस्ट बंगाल कोलकाता से सीबीआई की 40 सदस्यीय टीम शुक्रवार तडक़े साढ़े पांच बजे दुर्ग पहुंची और फोर्स को अलग-अलग चार टीमों में बांट सीए श्रीपाल कोठारी, सुरेश और सिद्धार्थ के घर और ऑफिस में एक साथ छापा मारा। श्रीपाल ने जैसे ही अपने घर के सामने फोर्स को देखा तो दरवाजा बंद कर अंदर रखे दस्तावेजों को जलाना शुरू कर दिया। इसके बाद सीबीआई ने बड़ी मुश्किल से दरवाजा खुलवाया लेकिन तब तक काफी मात्रा में दस्तावेज जल गए थे। कई घंटों तक घर में उनसे पूछताछ की गई और दस्तावेज खंगाले गए।
कोलकाता निवासी प्रकाश जायसवाल ने रजत बिल्डकॉन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के 40 हजार शेयर खरीदे थे। इन शेयर्स की वर्तमान कीमत लगभग 54 करोड़ है। सुरेश कोठारी और उनके भाइयों ने जायसवाल के शेयर्स को धोखे से अपने नाम कर लिया था। इसके बाद प्रकाश ने कोलकाता के बुल्ला पुलिस थाने में मामले की शिकायत की थी। जब कोलकाता पुलिस तीनों आरोपियों को पकडऩे में असफल रही तो न्यायालय ने मामले में सीबीआई जांच के आदेश दिए।
मामला दर्ज होने के बाद कोठारी बंधुओं ने कोलकाता हाईकोर्ट और सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका लगाई थी जो कि खारिज हो गई थी। जमानत खारिज होने के बाद कोलकाता पुलिस तीन से चार बार उन्हें गिरफ्तार करने दुर्ग आ चुकी है लेकिन वो उन्हें गिरफ्तार नहीं कर सकी, आखिरकार कोलकाता पुलिस ने न्यायालय में लिखकर दिया था कि दुर्ग पुलिस का सहयोग नहीं मिल रहा है। इसके बाद न्यायालय ने सीबीआई को गिरफ्तार करने आदेश दिए थे।
गौरतलब हो कि इन तीनों आरोपियों के खिलाफ दुर्ग के रजत सुराना ने भी 80 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का भी मामला दर्ज कराया है। दुर्ग पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर तीनों के खिलाफ 25 जनवरी 2023 को ठगी का मामला दर्ज किया मगर आरोपी खुलेआम दुर्ग शहर में घूम रहे थे। बताया यह भी जा रहा है कि कोठारी बंधुओं को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त होने की वजह से दुर्ग पुलिस भी उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। यह आरोप रजत सुराना ने लगाते हुए मिडिया को कहा था कि दुर्ग पुलिस तो मामला भी नहीं दर्ज कर रही थी। जब उन्होंने जिला न्यायालय में परिवाद लगाया और वहां से एफआईआर दर्ज करने का आदेश हुआ तब जाकर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज किया।

