दुर्ग

परमात्मा से जुडक़र ही उनके सारे खजाने प्राप्त कर सकते हैं - ब्रह्माकुमारी पूनम बहनजी
11-May-2023 3:42 PM
परमात्मा से जुडक़र ही उनके सारे खजाने प्राप्त कर सकते हैं - ब्रह्माकुमारी पूनम बहनजी

ब्रह्मकुमारीज दुर्ग द्वारा आनंद उत्सव मनाया गया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 11 मई। 
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, राजऋषि  भवन, केलाबाड़ी, दुर्ग के तत्वावधान  में पुरानी गंज मंडी, गंजपारा में चल रहे नौ दिवसीय नि:शुल्क अलविदा तनाव शिविर के चौथे दिन आनन्द उत्सव सत्र में इंदौर से पधारी प्रख्यात तनावमुक्ति विशेषज्ञा ब्रह्माकुमारी पूनम बहनजी ने मानव जीवन में परमात्मा की आवश्यकता का वर्णन करते हुए कहा कि हरेक को जीवन में  विपत्ति के समय सच्चा सहारा, सर्व संबंधो का प्यार, सात्विक आनंद, सुरक्षा का अनुभव चाहिए। यह सब हम आत्माओं को परमात्मा से जुडऩे पर ही मिलता है।  विपरीत परिस्थितियों में सच्चा सहायक परमात्मा ही है, यदि हमने उससे सर्व संबंध जोड़ा है तो इसके लिए परमात्मा पिता का सत्य परिचय चाहिए। 

जब परमात्मा के बारे में बहुत सी मतें हो जाती हैं तो वे स्वयं आकर अपना सत्य परिचय देते हैं। परमात्मा व अन्य मनुष्य आत्माओं की विभिन्न बिन्दुओं द्वारा तुलना कर स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि परमात्मा अजन्मा है। आत्मा जन्म-मरण के चक्र  में आती है। परमात्मा अवतरित होते हैं। उनका पंच तत्वों का शरीर नहीं हैं। वे परकाया प्रवेश करते हैं। वे सर्वशक्तिमान हैं। आत्मा की शक्तियां ऊपर नीचे होती रहती हैं। सर्वोच्च (सुप्रीम) - परमात्मा पालनहार हैं। उन्हें पालना नहीं लेना पड़ता। उनका कोई शिक्षक नहीं है। वे परमशिक्षक, परम सद्गुरु हैं। वे ज्ञान के सागर हैं। उनका कोई गुरु नहीं है। रीयल संपत्ति, साधन, सम्बन्धों से वास्तविक सुख-शांति नहीं मिलती। एक परमात्मा से कनेक्ट होने से ही रियल शांति, प्रेम, आनंद मिलता है। दाता - एक परमात्मा को ही शांति दाता, शक्ति दाता कहा जाता है वे बिना अपेक्षा के देते हैं व गरीब अमीर सबको देते हैं। आत्माओं की लिमिट होती है, अपेक्षा होती है। 

सागर- परमात्मा शांति, प्रेम, आनंद, करूणा, शक्ति के सागर हैं। हम उनसे रिश्ता जोडक़र लेते हैं। सर्वमान्य - परमात्मा वो जिसे सर्व धर्म वाले मानें। ईसाई धर्म में क्राइस्ट ने गॉड इज लाइट (प्रकाश) कहा। सिक्ख धर्म में गुरुनानक ने एक ओंकार सतनाम, एक नूर (ज्योति) से सब जग उपजा कहा। मुस्लिम भाई नूर ए इलाही कहते हैं व ज्योति स्वरुप के प्रतीक पत्थर संगे अवसद को मक्का में चूमते हैं। गौतम बुद्ध को भी ज्योतिपुंज का साक्षात्कार हुआ। हिन्दू धर्म में 12 ज्योतिर्लिंग मंदिर ज्योतिस्वरूप परमात्मा की ही यादगार हैं। जैसे आत्मा सफेद बिन्दी है, पॉइंट ऑफ लाइट है ऐसे ही आत्मा के पिता परमात्मा भी बिन्दी हैं। उन्होंने वीडियों के दृश्यों द्वारा परमात्मा के लाइट माईट स्वरुप को दिखाया और योगानुभुति कराते हुए उनसे शक्तियां लेने का अनुभव भी कराया। 

उन्होंने आगे बताया कि परमात्मा बिन्दी हैं इसलिए उन्हें शिव कहा जाता है। शिव माना बीज, बिन्दी, कल्याणकारी, सत्यम शिवम् सुन्दरम। परमात्मा से भक्ति मार्ग जैसा मांगना नहीं है। वे हम आत्माओं के पिता हैं, हम उनके बच्चे हैं तो उनकी सारी संपत्ति के हम वारिस यानि मालिक हो गये। प्रेम से हम उन्हें शिव बाबा कहते हैं, लेकिन मेडिटेशन के माध्यम से उनसे सम्बन्ध जोडऩा होगा। ब्रह्माकुमारी पूनम बहनजी ने आज का स्प्रीचुअल इंजेक्शन (मंत्र) दिया कि सर्वशक्तिवान हजार भुजाओं वाला भगवान मेरा साथी है, स्वयं भगवान मेरे मददगार हैं, और इसे विश्वास पूर्वक अनुभव करते हुए बार बार लिखकर अभ्यास करने के लिए कहा। इससे अद्भुत अनुभव होते हैं। उनके साथ का अनुभव करते हुए लिखें- मैं बहुत सुखी हूं, मैं निर्भय हूं, सफलता मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है, मैं टेंशन फ्री हूं, मेरे साथ सब कुछ अच्छा हो रहा है व अच्छा ही होगा तो जैसा आप सोचेंगे वैसा ही होने लगेगा।

फिर उन्होंने आत्मा व परमात्मा की बातचीत व मंगल मिलन कर शक्ति, शांति के खजाने प्राप्त करने की अनुभूति मेडिटेशन कामेंट्री द्वारा कराई। अंत में आनंद उत्सव मनाया गया जिसमें खुश होकर गा रहा है.... गीत पर गहन परमात्म मिलन का अनुभव करते हुए पुष्प वर्षा की गई। तत्पश्चात आज आनंद का दिन आया रे .... गीत पर गोप-गोपी बने बच्चों का डांस हुआ। उसके बाद कान्हा रे थोड़ा सा प्यार दे........ गीत पर सभी शहरनिवासियों ने भी रास किया जिससे सभी को परमात्म आनंद का सुन्दर अनुभव हुआ। कल सुखी जीवन के रहस्य विषय पर टिप्स दिए जायेंगे व परिवर्तन उत्सव (आध्यात्मिक दीवाली) मनाई जाएगी। शिविर का लाभ हजारों शहरवासी बहुत ही उमंग उत्साह से ले रहे हैं। 


अन्य पोस्ट