दुर्ग
यलो, रेड और ओडी स्पॉट की तैयार हो रही लिस्ट
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 मई। नगर निगम भिलाई अब पूरी तरह से खुले में शौच मुक्त हो चुका है। इसके लिए पूरे देश में स्वच्छ भारत मिशन के स्वच्छता सर्वेक्षण में ओडीएफ डबल प्लस का खिताब भी मिल चुका है। खुले में शौच मुक्त शहर बनाने के बाद अब भिलाई को खुले में पेशाब और पीक मुक्त बनाया जाएगा।
सिर्फ यही नहीं जल्द ही नगर निगम भिलाई इसके लिए एक्शन में आएगी, इसकी तैयारी भी की जा रही है। आने वाले समय में यदि कोई सार्वजनिक जगहों पर पान-गुटखा खाकर थूकते पाया गया तो निगम उससे जुर्माना वसूल करेगा।
ज्ञात हो कि नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास ने जोन आयुक्त को भी आदेश जारी कर दिया है। आदेश में जोन आयुक्तों को साफ निर्देश दिया गया है कि वे जल्द ही अपने-अपने जोन क्षेत्र का निरीक्षण करें। शहर में यलो स्पॉट (खुले में पेशाब स्थल), रेड स्पॉट (सार्वजनिक स्थान पर पान गुटखा खाकर थूकना) एवं ओडी स्पॉट (खुले में शौच करना) इन स्थलों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराएं। सूची तैयार होने के बाद जोन आयुक्तों द्वारा ऐसे लोगों पर जुर्माना और चेतावनी की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब हो कि नगर निगम भिलाई शहर को साफ रखने के लिए कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई कर रहा है। ऐसे लोगों पर निगाह रखी जा रही है। उनसे अर्थदंड भी वसूल किया जा रहा है। इसके आलावा जो लोग अपने घर से निकलने वाले गीला-सूखा कचरा अलग-अलग नहीं रख रहे हैं, प्लास्टिक या अन्य कचरा फैला रहे हैं, प्रतिबंधित झिल्ली, पन्नी को बेच रहे हैं या उपयोग कर रहे हैं, सभी पर कार्रवाई की जा रही है। कचरा फैलाने, निर्माण विध्वंस के मलबे को सडक़ पर रखने पर भी जुर्माना लगा रहे हैं। कल निगम की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और 18 लोगों पर का कार्रवाई की। अब तक निगम की टीम ने 51 हजार 250 रुपए जुर्माना वसूल किया।