दुर्ग
पैर फिसलने से ट्रेन की चपेट में युवक की मौत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 9 मई। देर रात नागपुर से भिलाई लौट रहे युवक की राजनांदगांव रेल्वे स्टेशन पर दुर्घटना से मौत हो गई।
सिविक सेंटर भिलाई निवासी युवक प्रियांक अपने मित्र के साथ रविवार-सोमवार की दरमियानी रात नागपुर स्टेशन से अहमदाबाद हावड़ा एक्सप्रेस से दुर्ग की ओर आ रहा था। यह ट्रेन सोमवार रात लगभग डेढ़ घंटे विलंब से चल रही थी। राजनांदगांव स्टेशन पर रात लगभग साढ़े 12 बजे के आस पास प्रियांक पानी पीने उतरा और तभी ट्रेन चल पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों और आरपीएफ ने बताया कि राजनांदगांव स्टेशन पर चलती ट्रेन पकडऩे के दौरान प्रियांक का पैर फिसला और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। कुछ दूर जाकर अहमदाबाद हावड़ा एक्सप्रेस रूकी। आरपीएफ ने पतासाजी कर उसके साथ यात्रा कर रहे मित्र की मदद से प्रियांक के परिजनों को घटना की सूचना दी।
सोमवार सुबह पीएम के बाद राजनांदगांव से प्रियांक का शव परिजनों के सुपुर्द किया गया। प्रियांक (आशु) सोनी पिता स्वर्गीय विद्या विलास सोनी की अंतिम यात्रा सोमवार शाम 4 बजे शिवनाथ मुक्ति धाम दुर्ग के लिए निवास 118 न्यू सिविक सेंटर से निकली। दुर्ग मुक्तिधाम में प्रियांक का अंतिम संस्कार किया गया।