दुर्ग

भिलाई के खुर्सीपार में 1.92 करोड़ से बनेगा सेमी ओलंपिक स्वीमिंग पूल
09-May-2023 4:02 PM
भिलाई के खुर्सीपार में 1.92 करोड़ से बनेगा सेमी ओलंपिक स्वीमिंग पूल

टेंडर हो गया, जल्द शुरू होगा काम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 9 मई। दुर्ग जिले का पहला सेमी ओलंपिक स्वीमिंग पूल भिलाई के खुर्सीपार में तैयार किया जाएगा। खुर्सीपार में नगर निगम के जोन 4 कार्यालय के पास राष्ट्रीय स्तर का इंडोर स्टेडियम तैयार हो रहा है जिसमें 1 करोड़ 92 लाख 67 हजार की लागत से सेमी ओलंपिक स्वीमिंग पूल भी बनाया जाएगा, जो राष्ट्रीय स्तर के मानक का होगा। इसकी सभी तैयारी नगर निगम भिलाई ने कर ली है, टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है, जल्द निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।

ज्ञात हो कि इस स्वीमिंग पुल के बनने से तैराकी के खिलाडिय़ों को बड़ी सुविधा मिलेगी। वे अपने खेल का अभ्यास इस स्वीमिंग पूल में कर सकेंगे। उन्हें बाहर नहीं जाना पड़ेगा फिलहाल भिलाई में तैराकी के खिलाडिय़ों के लिए कोई खास सुविधा नहीं है। ऐसे में खिलाडिय़ों के बेहतर भविष्य के विधायक देवेंद्र यादव और मेयर नीरज पाल ने यह पहल की है।

 यह भिलाई निगम का पहला स्वीमिंग पुल होगा, जहां तैराकी के अभ्यास के साथ डाइविंग और जंपिंग की ट्रेनिंग भी तैराक ले सकेंगे। आने वाले समय में यहां नेशनल स्तर की तैराकी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा सकेंगी।

इस स्वीमिंग पूल में सुरक्षा के हिसाब से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पुरुष व महिला के लिए अलग-अलग चेंजिंग रूम होगा। कार्यालय, लॉकर, सिटिंग स्टेयर, शौचालय, छोटे बच्चों का अलग से स्वीमिंग पुल, गार्ड रूम, पानी का फिल्टर प्लांट सहित आवश्यक सुविधाएं भी होंगी। सबसे खास बात यहां बच्चों को इंटरनेशनल प्रतियोगिता के लिए तैयार करने वाले बेस्ट ट्रेनर भी रखे जाएंगे।

स्वीमिंग पूल की लंबाई करीब 64 मीटर और चौड़ाई 21 मीटर होगी। पानी साफ रखने के लिए हाइटेक प्यूरीफायर मशीन लगाई जाएगी। सफाई करने के लिए या पानी को आसानी से करीब 5 घंटे में बदलकर भरा जा सकेगा।

इसके आलावा भी यहां पर कई अत्याधुनिक व्यवस्था रहेगी, जो राष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंग पूल के मानक को पूरा करती है। जल्द इसका काम शुरू होगा।


अन्य पोस्ट