दुर्ग

मासूम से रेप, आजीवन कारावास
09-May-2023 3:41 PM
मासूम से रेप,  आजीवन कारावास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 9 मई। मासूम बच्ची को घर छोडऩे की बात कहकर आरोपी मोटरसाइकिल में बैठा कर ले गया और खेत में ले जाकर उसके साथ रेप किया। आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है।

अपर सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक कोर्ट सरिता दास की कोर्ट ने आरोपी को धारा 363 के तहत 5 वर्ष सश्रम कारावास,1000 रुपए अर्थदंड, अर्थदंड न दे पाने पर 1 माह के साधारण कारावास, धारा 506 के तहत 1 वर्ष सश्रम कारावास, 1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर एक माह के साधारण कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 6 के तहत मरते दम तक कारावास, 5000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 6 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। सभी सजाएं साथ-साथ चलेगी। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार साहू ने पैरवी की थी।

थाना पाटन अंतर्गत निवासी बच्ची की मां ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 11 दिसंबर 2018 को वह शाम को अपने घर लौटी तो देखी कि उसके सब बच्चे घर में है, परंतु उसकी 10 वर्षीय बड़ी बेटी घर पर नहीं है। उसने पड़ोस व उसकी सहेलियों के घर जाकर बच्ची का पता लगाया। जब बच्ची कहीं नहीं मिली तब वह घर वापस आई। इस दौरान देखा कि उसकी बच्ची दरवाजे के पास उदास बैठी हुई है। जब बच्चे की मां ने बच्ची से पूछा कि वह कहां चली गई थी। तब बच्ची ने बताया कि परमेश ढीमर उर्फ परमेश्वर (25)  उसे घर छोड़ देने की बात कह कर मोटरसाइकिल पर बैठाया और उसे खेत में ले गया। वहां परमेश्वर ने उसके साथ अश्लील हरकत की। जब बच्ची रोने लगी तो आरोपी ने उससे कहा कि यदि यह बात वह किसी को बताई तो वह उसे जान से खत्म कर देगा।


अन्य पोस्ट