दुर्ग

नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने खुदकुशी के पहले बनाया था वीडियो
08-May-2023 1:15 PM
नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने खुदकुशी के पहले बनाया था वीडियो

कहा- सब का करियर एक जैसा नहीं बनता, पेरेंट्स को लगता है प्रेशर नहीं है, एग्जाम ही तो है...

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 8 मई। दुर्ग जिले में रहकर नीट की तैयारी करने वाले छात्र ने परीक्षा से एक दिन पहले फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। परिजनों का कहना है कि उनका बेटा खुदकुशी नहीं कर सकता है, पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे को सील करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। जांच में नेवई पुलिस को छात्र प्रभात कुमार निषाद का वीडियो मिला है जो कि उसने आत्महत्या से पहले बनाया था।

ज्ञा हो कि वह बेमेतरा जिले के बेरला का रहने वाला था और नीट परीक्षा की तैयारी करने के लिए पिछले एक वर्ष से दुर्ग में किराये से कमरा लेकर रहता था।

 रविवार को नीट की परीक्षा थी और एक दिन पहले शनिवार शाम उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। परीक्षा के तनाव को ध्यान रखते हुए एसपी दुर्ग डॉ. अभिषेक पल्लव ने वीडियो बना सोशल मीडिया पर अपील भी की थी।

नेवई पुलिस ने प्रभात का मोबाइल जब्त कर उसकी जांच की तो दो वीडियो मिले जो उसने खुदकुशी के पहले बनाए थे। प्रभात के पिता कमलेश निषाद शिक्षक हैं। प्रभात की मौत की खबर सुनकर परिजन तुरंत भिलाई पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और उनका कहना था कि प्रभात नीट की परीक्षा को लेकर काफी गंभीर था, इसीलिए वह तैयारी और अच्छी करने के लिए कोचिंग करने भिलाई आया था।

प्रभात ने वीडियो में कहा कि सबका कैरियर एक जैसा नहीं बनता। जिसका बन जाता है वो बहुत खुश रहता है। जिसका नहीं बनता क्या करता होगा? सभी की अपेक्षाएं होती हैं कि बेटा क्या करेगा, ये करेगा वो करेगा। पेरेंट्स को लगता है प्रेशर नहीं है, एग्जाम ही तो है, पर ऐसा नहीं है। बहुत सारी चीजें हमारे माइंड में भी रहती हैं। ये कहते हुए प्रभात ने मौत को गले लगा लिया था।

गौरतलब हो कि प्रभात कुमार निषाद डॉक्टर बनने के लिए नीट की तैयारी कर रहा था। वो बेमेतरा जिले के बेरला के रहने वाले शिक्षक कमलेश निषाद का बेटा था। नीट की तैयारी के चलते पिछले एक साल से अपना घर छोडक़र दुर्ग जिले के नेवई में किराये के मकान में रहता था। दो बार नीट की परीक्षा दिया, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। शायद प्रभात जान चुका था कि मेडिकल की पढ़ाई उससे नहीं की जा रही है। लेकिन पिता का अरमान पूरा करने के लिए वह अपने मुताबिक कैरियर नहीं बना पा रहा था। हर बार उसके ऊपर डॉक्टर बनने का दबाव बढ़ता जा रहा था, इसलिए उसने हमेशा के लिए खामोश रहना ही ठीक समझा और परीक्षा से एक दिन पहले 6 मई 2023 को प्रभात ने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

खुदकुशी से पहले प्रभात ने अपने मोबाइल में दो वीडियो बनाया था। पहले वीडियो में प्रभात ने कहा हेलो दोस्तों, मैं प्रभात इस घटिया समाज और घटिया शिक्षा प्रणाली के साथ काम कर रहा हूं। मैं पूरी तरह से फेल हो चुका हूं। मैं ऐसा इंसान हूं जो अपने मिजाज के साथ खुलकर रहना पसंद करता हूं और रहता भी हूं। अब मैं बहुत डरा हुआ हूं कि मैं आगे क्या करूंगा क्या नहीं करूंगा? ज्यादा कुछ है नहीं मेरे पास, बोलने को।

दूसरे वीडियो में उसने कहा कि मुझे पिछले एक महीने से वोमेटिंग (उल्टी) हो रही है, उसमें ब्लड आ रहा था। पता नहीं ये क्या था? कभी भी वोमेटिंग हो जाती थी कभी उसमें ब्लड आता था कभी नहीं आता था। मैं बहुत सारी चीजों के साथ गुजर रहा हूं। सबका करियर एक जैसा नहीं बनता। जिसका बन जाता है वो बहुत खुश रहता है। जिसका नहीं बनता वो क्या करता होगा? सभी की उम्मीदें होती हैं कि ये करेगा वो करेगा। पैरेंट्स को लगता है प्रेशर नहीं है एग्जाम ही तो है, पर ऐसा नहीं है। बहुत सारी चीजें हमारे माइंड में भी रहती हैं। मुझे नहीं पता मैं क्या-क्या बोल रहा हूं। कुछ गलत भी बोल रहा हूं नहीं पता। इसके बाद उसने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

नेवई थाना प्रभारी ममता अली शर्मा ने बताया कि प्रभात के दोस्तों का कहना है कि वो एग्जाम को लेकर काफी प्रेशर में था। वो एक महीने से कह रहा था कि वो एग्जाम नहीं दे पाएगा। उससे ये नहीं हो पाएगा। वो एग्जाम से एक दिन पहले खुदकुशी कर लेगा। दोस्त उसे समझाते थे लेकिन उन्होंने ये बात प्रभात के पेरेंट्स को नहीं बताई और आखिरकार परीक्षा से एक दिन पहले उसने मौत को गले लगा लिया। माता-पिता को अपने सपने बच्चों पर नहीं लादना चाहिए। उनसे अधिक से अधिक बात करनी चाहिए और उनके मन मुताबिक करियर बनाने में उनकी मदद करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट