दुर्ग

टीचर से पार्ट टाइम जॉब दिलाने के नाम पर लाखों की सायबर ठगी
06-May-2023 2:32 PM
टीचर से पार्ट टाइम जॉब दिलाने के नाम पर लाखों की सायबर ठगी

 यू ट्यूब चैनल सब्स्क्राइब करने पर 25 से 50 रूपये रोज देने का झांसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 6 मई। दुर्ग जिले में ऑनलाइन जॉब देने का झांसा देकर एक शिक्षक से लाखों रुपए ठगी का कांड सायबर अपराधियों ने किया है। पीडि़त शिक्षक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग के गंजपारा वार्ड 36 निवासी अतुल कुमार सोनी (33) ने लिखित शिकायत में बताया कि वो पेशे से प्राइवेट शिक्षक है। उसे तनुजा और रश्मि कपूर नाम की लडक़ी ने फोन कर पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया था। तनुजा ने उसे बताया कि वो एएक्सएटी टेक्नोलॉजी प्रायवेट लिमिटेड से है। पार्ट टाइम इंकम के लिए उसे उसके बताए गए यू ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करना होगा, उसे हर एक सब्सक्राइब पर 25 से 50 रुपये तक मिलेंगे। इसके बाद शिक्षक को एक यूट्यूब चैनल का लिंक देकर सब्सक्राइब करने को कहा। जब अतुल ने सब्सक्रिप्शन टास्क पूरा किया तो उसे टेलीग्राम ऐप पर रिसेप्शनिस्ट से बात करने कहा गया ताकि सब्स्क्रिप्शन टास्क पूरा करने के रूपये मिल सके।

रिसेप्शनिस्ट का नाम रश्मि कपूर था। जब अतुल ने टास्क पूरा करके टेलीग्राम में स्क्रीन शॉट भेजा तो रिसेप्शनिस्ट ने उससे उसका खाता नंबर और आईएफएससी कोड पूछा। इसके बाद अतुल के खाते में 150 रुपये आ गए। 150 रुपए भेजने के बाद दिया आगे और लालच 150 रुपए अतुल के भेजने के बाद रश्मि ने उसे एक टेलीग्राम ग्रुप ए 1014 डिजिटल नेट मीडिया लिमिटेड में ऐड किया गया। इस ग्रुप में एक दिन में 25 टास्क दिया जाता था। मर्चेंट टास्क के लिए उनके द्वारा वियाकाम 1 डाट काम पर जाने को कहा जाता था। इस साइट पर शिक्षक से ड्राइविंग लाइसेंस भी अपलोड कर मर्चेंट टास्क पूरा करवाया गया। मर्चेंट टास्क में शुरुआत में शिक्षक से कुछ रुपये भी मांगे गए एवं उसे प्रॉफिट के साथ उसके खाते में लौटाया भी गया। दो बार अतुल के खाते में उन लोगों ने पैसे भेजकर उसका भरोसा जीत लिया। इसके बाद उससे एक बड़ी रकम की मांग की और कहा कि उसे 30 से 40 प्रतिशत प्रॉफिट के साथ रकम वापस की जाएगी। अतुल उसके बात में आ गया और 26 हजार 26 रुपये 22 मार्च 2023 को भेज दिया। इसके बाद उसके रुपए जल्द वापस करने का झांसा दिया गया और धीरे-धीरे एक महीने के भीतर उससे कई किस्त में 2 लाख 19 हजार रुपये ले लिए। जब अतुल के पैसे वापस नहीं आए तो उसने इसकी शिकायत पुलिस से की है।


अन्य पोस्ट