दुर्ग

तीन श्रमिकों को श्रमवीर सम्मान
03-May-2023 8:17 PM
तीन श्रमिकों को श्रमवीर सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कुम्हारी, 3 मई। एक मई को श्रमिक दिवस पर गरिमामयी आयोजन प्रेस क्लब भवन कुम्हारी में सम्पन्न हुआ। प्रेस क्लब कुम्हारी के संरक्षक डां. मोहन आनंद ने अपने करकमलों से श्रमिकों को श्रमवीर सम्मान  प्रदान किया। इस सम्मान में शाल, श्रीफल, स्मृति चिह्न व सम्मान राशि श्रमिकों को प्रदान की गई।

प्रेस क्लब के अध्यक्ष विक्रमशाह ठाकुर ने सम्मानित श्रमिकों के संघर्ष का परिचय देते हुए उन्हें प्रेरणा का स्त्रोत बताया। उन्होंने कहा कि 2019 में पति के निधन के पश्चात आजीविका के लिए भूनिता बया ने गाड़ी का स्टेयरिंग थाम लिया और ड्राइवर बन गई। आज वो अपने पैरों पर खड़ी होकर स्वाभिमान से जी रही है और स्वयं का मालवाहक गाड़ी चलाती हैं।  इसी तरह  परसदा की अनुसुइया साहू के पति का निधन तब हो गया, जब उनकी बेटी महज डेढ़ साल की थी। उसने हार नहीं मानी। उसने दूसरे गांव के बाजार में जाकर सब्जी बेचना शुरू किया। बची सब्जियां साइकिल से फेरी लगाकर गांव-गांव बेचा करती। इस तरह उसने संघर्ष कर बेटी को पढ़ाया और उसकी शादी भी की और आज भी वह साइकिल से ही गांव गांव जाकर सब्जियां बेचा करती है और गर्व से अपना जीवन यापन कर रही है।

कुगदा निवासी श्रमवीर कोमल वर्मा बचपन से ही शारीरिक विकलांग हैं पिता के साथ रहकर वेल्डिंग का कार्य सीखा और पिता के निधन के पश्चात विगत 7 वर्षों से वे स्वयं कुशलता से ये कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विकलांगता को अपनी कमजोरी नही बनने दिया। अपने तकनीकी कौशल से वे आज सामान्य जीवनयापन कर रहे हैं। इस तरह से ये सम्मानित श्रमिकगण हमें हौसला देते हैं कि ईमानदारी और मेहनत से दो जून की रोटी कमाई जा सकती है।

नगर पालिका के सीएमओ जितेन्द्र कुशवाहा ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए सम्मानित श्रमिकों को बधाई दी।

सुरेश वाहने ने संचालन करते हुए अन्तरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस का ऐतिहासिक परिचय दिया।

और श्रमिकों की महत्ता बताई।

कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब कुम्हारी के महासचिव संजय श्रीवास्तव ने आभार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर क्लब के पदाधिकारियों, पत्रकारों और श्रमिकों की उपस्थिति रही, जिसमें मुख्य रूप से अजय यादव, अनुज शुक्ला, राकेश सोनकर, शैलेन्द्र खरे, संतोष महाराणा, ऋषि साहू, दिनेश सिंह राजपूत, गजेन्द टेमरे, करण साहू एवं ध्रुव नायक आदि शामिल हैं।


अन्य पोस्ट