दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 1 मई। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर प्रदेश के श्रमवीरों के सम्मान के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आह्वान पर नगर पंचायत उतई के जनप्रतिनिधियों, एवं वृहताकार सेवा समिति उतई अध्यक्ष दिवाकर गायकवाड व अधिकारी, कर्मचारी गण, श्रमिक किसान, गणमान्य नागरिक सभी मिलकर धान खरीदी केंद्र उतई में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय आहार बोरे-बासी खाई।
बासी खाने के पहले मजदूरों को संबोधित करते हुए वृहताकार सेवा समिति के अध्यक्ष दिवाकर गायकवाड़ ने बासी के बारे में विस्तृत जानकारी दी
छत्तीसगढ़ के आमजन जीवन में बोरे-बासी लोकप्रिय है। राज्य में बहुतायत रूप से धान की खेती के कारण यहां चावल से बने अनेक व्यंजन प्रचलित है। इनमें बोरे-बासी भी एक है। छोटे बच्चों से लेकर बड़े बुजुर्ग भी इसे बड़े चाव से खाना पसंद करते हैं। बोरे-बासी यहां के जीवन शैली का अहम हिस्सा हैं। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य की संस्कृति के साथ यहां के खान-पान को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में एक मई मजदूर दिवस के दिन श्रमिकों को सम्मान देने के लिए उनके प्रिय आहार को लेकर पूरे राज्य में बोरे-बासी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
बासी छतीसगढ़ का प्रमुख और प्रचलित व्यंजन है। बासी का मतलब होता है रात के पके चावल को भिगो कर या सुबह भिगो कर खाना या सुबह के पके चावल को दोपहर में खाना। इसमें स्वादानुसार नमक मिलाया जाता है। फिर सब्जी, प्याज, आचार, पापड़, बिजौरी इत्यादि के साथ खाया जाता है। कई बार लोग केवल नमक और प्याज से बासी खाते हैं। बोरे का अर्थ है सुबह के चावल को पानी में भिगोए रखना और बासी का मतलब है रात के बचे चावल को पानी में भिगोकर रात भर रखना उसे कहते हैं बासी इसका अर्थ हो जाता है बोरे- बासी। गर्मी के दिनों में बोरे-बासी शरीर को ठंडा रखता है। पाचन शक्ति बढ़ाता है। त्वचा की कोमलता और वजन संतुलित करने में भी यह रामबाण है। बोरे-बासी में सारे पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इस अवसर पर पार्षद प्रहलाद वर्मा, उपरपोटी सरपंच टिकेंद्र ठाकुर, बहादुर नेताम, बड़ी संख्या में मजदूर एवं जनप्रतिनि जन उपस्थित थे।