दुर्ग
जिले में प्रथम और छग में तीसरा स्थान
आईआईटी मुंबई में सीएसई ब्रांच पाना है लक्ष्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर, 1 मई। जेईई मेंस रिजल्ट 2023 सत्र 2 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। दुर्ग शहर के सिद्धांत मिश्रा ने 99.928 परसेंटाइल के साथ अखिल भारतीय रैंक (एआईआर) 342 हासिल कर न सिर्फ शहर को बल्कि छत्तीसगढ़ राज्य को गौरवान्वित किया है। फिजिक्स में शत प्रतिशत अंक सिद्धार्थ ने हासिल किए हैं।
आदर्श नगर दुर्ग निवासी सिद्धार्थ मिश्रा का लक्ष्य जेईई एडवांस परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक हासिल कर सीएसई ब्रांच आईआईटी मुंबई में चयनित होना है। इसके लिए सिद्धार्थ आज भी लगातार प्रयत्नरत हैं। औसतन प्रतिदिन 10 घंटे तक पढ़ाई कर सिद्धार्थ मिश्रा की यह सफलता अन्य छात्र छात्राओं के लिए प्रेरणा है।
सिद्धार्थ मिश्रा ने कहा कि शुरू से ही जेईई परीक्षा में रुचि थी। प्रतिदिन औसतन 10 घंटे सेल्फ स्टडी करने के बाद हर रविवार को मॉक टेस्ट दिया करता था। मॉक टेस्ट के परिणाम प्राप्त होने पर गलतियों को सुधारने में सिद्धार्थ जुट जाते और रेगुलर नोट्स रिवाइज कर सेल्फ मोटिवेटेड रहे। फिजिक्स में सौ फीसदी अंक हासिल करने वाले सिद्धार्थ का केमिस्ट्री में 99.491 एवं मैथ्स में 99.968 प्रतिशत है।
सिद्धार्थ ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ उन्हें संगीत सुनने एवं आध्यात्म में भी रुचि है। सिद्धार्थ के पिता अजय मिश्रा एडवोकेट और फैमिली कोर्ट काउंसलर दुर्ग और माता गृहणी हैं।