दुर्ग
कुछ मुद्दों पर पक्ष-विपक्ष में नोकझोंक भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 30 अप्रैल। नगर पालिका परिषद कुम्हारी अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने शुक्रवार को वित्तीय वर्ष 2023-24 का आम बजट प्रस्तुत किया। बजट सत्र के दौरान पक्ष व विपक्ष के पार्षदों के बीच कुछ एजेंडों पर तीखी बहस देखी गई। हालांकि कई ऐसे विकास के एजेंडे रहे जिस पर पक्ष के कांग्रेसी पार्षदों ने मेज थपथपा कर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर का आभार व्यक्त किया।
वार्षिक बजट पर पालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर ने बताया कि बजट में सभी क्षेत्रों को पक्षों को साथ ही सभी वार्ड के सभी वर्गों के नागरिकों के हितों को ध्यान में रखने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भूपेश सरकार व नगर में भी कांग्रेस की सत्ता आने के बाद से पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्डों में निरन्तर विकास कार्य किया जा रहा है। आज कुम्हारी नगर पालिका एक विकसित शहर की ओर अग्रसर है। बजट के प्रारंभ में प्रमुख 19 एजेंडे के चर्चा की गई इसके अलावा अतिरिक्त कुछ अलग सामान्य एजेंडों पर भी चर्चा की गई। जिसमें सबसे अधिक जलावर्धन योजना के तहत 94 करोड़ की राशि का प्रावधान रखा गया है. यही नही बजट में नगर के युवाओं के लिए रोजगार मुहैया कराने के लिए कुशल एवं अकुशल 81 श्रमिकों की पूर्ति हेतु निर्णय भी लिया गया।
बजट सत्र की शुरुआत राजकीय गीत के साथ प्रारम्भ की गई। बजट के दौरान खास बात यह रहा कि बजट दस्तावेज़ पालिका अध्यक्ष द्वार गोबर से बने पेटी में लाया गया वित्तीय वर्ष 2023-24 के बजट में अनुमानित आय 2 अरब 82 करोड़ 15 लाख 83 हजार रुपए का प्रावधान रखा गया। वहीं कुल व्यय 2 अरब 80 करोड़ 45 लाख 9 हजार रुपए है जिसे विभिन्न विकास कार्यों में खर्चे किये जाएंगे। इस तरह वर्तमान वित्तीय वर्ष में 1 करोड़ 80 लाख 74 हजार रुपये के लाभ का बजट प्रस्तुत किया गया।
इस बजट में बिजली, पानी, सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा, मूलभूत सुविधाओं, व नए विकास कार्यों के निर्माण के लिए 16050 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है। बजट में दुलार योजना के तहत आंगनबाड़ी में बच्चों की शिक्षा व मनोरंजन के लिए विशेष प्रावधान रखा गया है यही नही करोडों की लागत से अन्नपूर्णा योजना, खारुन रिवर फ्रंट योजना, व आवास योजना के राशि का भी समायोजन किया गया है।
बजट सत्र के दौरान विपक्ष के पार्षदों के द्वारा कुछ एजेंडों पर आपत्ति दर्ज कराई गई, यही नहीं सदन में पार्षद निधि का मुद्दा भी गूंजता रहा। विपक्ष के पार्षदों ने पक्ष पर सौतेला व्यवहार का भी आरोप लगाया तो कुछ ऐसे मुद्दे थे जिनमें पक्ष के पार्षदों ने भी नाराजगी जताई।
उपाध्यक्ष के रविकुमार ने गुणवत्ताहीन सडक़ों पर आपत्ति जताते हुए नाराजगी जाहिर की, साथ ही लापरवाह ठेकेदारों पर किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाया। जिस पर पक्ष व विपक्ष के पार्षदों ने एक सुर में इस बात का समर्थन किया और कुछ ठेकेदारों द्वारा गुणवत्ताहीन कार्य किये जाने के बाद भी कार्रवाई के प्रति इंजीनियरों व अधिकारियों की उदासीनता पर सवाल उठाए, जिसका जवाब देते हुए मुख्य नगर पालिक अधिकारी ने कहा कि अगर गुणवत्ताहीन कार्य है तो ठेकेदार को उसे पुन: सुधार कर देना होगा अन्यथा कार्रवाई की जाएगी ।
बजट में सब्जी मंडी वाहन व साईकिल स्टैंड पार्किंग वसूली व नवीन क्रिकेट स्टेडियम का रख रखाव एवं संचालन को लेकर भी गंभीर सवाल रखे गए स्टेडियम को महज 30 हजार रुपए वार्षिक की दर से किराए पर देने पर पुनर्विचार करने के लिए पार्षद महेज़ह सोनकर एवं सांसद प्रतिनिधि मनोज वर्मा ने कहा।
पार्षद निश्चय वाजपेयी ने पिछली स्वीकृत बजट का 50 प्रतिशत राशि भी खर्च नही कर पाने को लेकर सत्ता पक्ष पर सवाल किया जवाब में लोकनिर्माण प्रभारी मनहरण यादव ने इसे प्रस्तावित बजट कहा उन्होंने इसे एक अनुमान के तौर पर बनाने की बात कही।
बजट सत्र में विपक्ष के पार्षद सुधाकर त्रिपाठी, रागिनी निषाद व ओंकार मारकंडे ने नगर में सफ़ाई व्यवस्था व मच्छर के प्रकोप की बात करते हुए इसके शीघ्र समाधान की बात कही। नेता प्रतिपक्ष लोकेश साहू ने वार्डों में प्रकाश व्यवस्था एवं ग्रामीण आवास योजना को लेकर लापरवाही का आरोप लगाया। कांग्रेसी पार्षदों में उपाध्यक्ष के रवि कुमार, पार्षद यूजेन्द्र साहू ओमनारायण वर्मा, महेश सोनकर एवं थनेश पटेल ने बजट का स्वागत करते हुए इसे जनता के लिए विश्वसनीय बजट बताया इसके पश्चात बजट में प्रस्तुत सभी एजेडों को सर्वसहमति से पारित कर दिया गया।
उक्त बजट बैठक में नगरपालिका अध्यक्ष राजेश्वर सोनकर, उपाध्यक्ष के रवि कुमार, पार्षद मनहरण यादव, थनेश पटेल, महेश सोनकर, जानकी ध्रुव, नीतू रावते ओमनारायण वर्मा, प्रमोद चन्द्राकर, युजेन्द्र साहू, ललिता ध्रुव, सती यादव, शान्ति टण्डन, लता खैरवार, राकेश कुर्रे, विनोद कुमार बंजारे, प्रमोद सिंह राजपूत, रागिनी निषाद, लोकेश साहू, ओंकार मारकण्डेय, अरूणा साहू, कुमारी निषाद, निश्चय वाजपेयी, एल्डरमेन विष्णु देवांगन, अशोक साहू, उत्तम पटेला , सांसद प्रतिनिधि मनोज वर्मा एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी जितेन्द्र कुशवाहा सहित निकाय के उपअभियंता, लेखापाल आरआई एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
2023-24 नवीन कार्यों पर प्रस्तावित व्यय
1- प्रकाश व्ययवस्था। 50 लाख
2- मरम्मत संधारण सामग्री क्रय। 35 लाख
3- नवीन कार्य (जल प्रदाय) 50 लाख
4- मरम्मत व संधारण। 60 लाख
5- सार्वजनिक शौचालय निर्माण। 25 लाख
6- सफाई सामग्री आदि। 40 लाख
7- सी सी रोड, बी टी रोड
निर्माण, नवीनीकरण, चौड़ी
करण, नाली, पेवर, बाउंड्रीवाल
सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम
शेड निर्माण प्रवेश द्वार एवं
अन्य निर्माण कार्य। 24 करोड़
8- स्पोर्ट्स काम्प्लेक्स। 05 करोड़
9- स्वीमिंग पुल। 05 करोड़
10-ऑडिटोरियम। 12 करोड़
11- चोरहा में मुक्तिधाम निर्माण। 62 लाख
12- चोरहा तालाब सौंदर्यीकरण। 02 करोड़
13-परसदा तालाब सौंदायिकरण 03 करोड़
14-मुक्तिधाम से महामाया मंदिर
तक सडक़ निर्माण। 05.76 करोड़
15-परसदा स्टेडियम निर्माण। 04 करोड़
16-रामपुर चोरहा में विद्युत पोल। 01.50 क
17-जजंगिरी में विद्युत पोल। 01.50 क
18-चोरहा में गार्डन। 20 लाख
19- जजंगिरी में पार्क निर्माण। 54 लाख
20- विभिन्न क्षेत्रों में अन्नपूर्णा
भवन निर्माण। 50 लाख
21-आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों हेतु
मुख्यमंत्री दुलार अंतर्गत खेल
एवं शैक्षणिक सामग्रियों का
वितरण। 15 लाख
22-मुक्तिधाम हेतु लकड़ी प्रदाय। 10 लाख
23-मिशन क्लीन सिटी ठोस
अपशिष्ट प्रबंधन। 01.50 क
24-14 वें 15 वें वित्त आयोग
एवं अमृत मिशन। 11 करोड़
82 लाख
13 हजार
25-सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट। 63 करोड़
71 लाख
26-प्रधानमंत्री आवास योजना। 15 करोड़