दुर्ग

60 वार्डों में मवेशियों का रोका छेका अभियान निरंतर चलाए प्रशासन-वोरा
29-Apr-2023 4:18 PM
60 वार्डों में मवेशियों का रोका छेका अभियान निरंतर चलाए प्रशासन-वोरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 29 अप्रैल। नगर निगम एरिया में हजारों मवेशियों के सडक़ पर खुले में घूमने और इनसे होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर विधायक अरुण वोरा ने गहरी चिंता जताई है। बुधवार को दो सांडों की लड़ाई के कारण शिव नगर डोंगिया तालाब पार निवासी रूखमीन बाई (80) की मौत होने के बाद वोरा ने निगम अधिकारियों को लगातार रोका छेका अभियान चलाने कहा है।

वोरा आज पीडि़त परिवार से मिलने भी गए। सांडों की लड़ाई में एक अन्य महिला के पैर में भी चोट आई है। वोरा ने मौके पर ही कलेक्टर और निगम कमिश्नर से फोन पर चर्चा की और खुले में घूमने वाले मवेशियों को पकडऩे का अभियान चलाने कहा है। वोरा की मौजूदगी में ही निगम का काऊ केचर वार्ड में पहुंचा और खुले में घूम रहे मवेशियों को पकडऩे का अभियान चालू कराया।

वोरा ने निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर को निर्देश देते हुए कहा है कि निगम का स्वास्थ्य विभाग का अमला हर वार्ड में घूम-घूम कर जनता की शिकायत के अनुसार मवेशियों को पकडऩे की कार्रवाई करें।  ताकि, भविष्य में दुर्घटना दोबारा न होने पाए। बाजार और सडक़ व चौक-चौराहे पर खुले में घूम रहे मवेशियों को गोठान में शिफ्ट किया जाना चाहिए।

ज्ञात हो कि शहर के अधिकांश वार्डों में ढेर सारे मवेशियों का जमावड़ा रहता है। नागरिकों का कहना है कि इन मवेशियों को बांध कर न रखने से अक्सर आम नागरिक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। कई बार ऐसी ही घटनाओं में मौत भी हो चुकी है। मवेशियों की निरन्तर बढ़ती संख्या से लोगों का जीना दूभर कर दिया हैं।


अन्य पोस्ट