दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 29 अप्रैल। राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष (राज्य मंत्री) आर. एन. वर्मा ने कहा है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा पिछड़ा वर्ग एवं वंचित लोगों को उनके संख्या के अनुपात में सामाजिक न्याय की पूर्ति के उद्देश्य से संवैधानिक अधिकार दिलाए जाने हेतु 01/12/2022 को आरक्षण संशोधन विधेयक लाकर सर्वसम्मति से विधेयक पारित कराया गया जिसके तहत अन्य पिछड़ा वर्ग के लोगों को 27 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति को 32 प्रतिशत अनुसूचित जाति को 13 प्रतिशत एवं आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों को 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिलाने का प्रावधान किया गया है।
आर. एन. वर्मा ने आगे कहा है कि 01/12/2022 को पारित विधेयक 5 माह व्यतीत होने के बाद भी राज भवन में लंबित है, जिससे छत्तीसगढ़ के युवाओं को बहुत अधिक नुकसान उठाना पढ़ रहा है। राज्यपाल का हस्ताक्षर नहीं हुआ है। छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी के नेतागण नहीं चाहते हैं कि कांग्रेस पार्टी के भूपेश सरकार द्वारा पारित किया गया आरक्षण संशोधन बिल से अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं गरीब लोगों को आरक्षण का लाभ मिले। छत्तीसगढ़ भाजपा के सभी नेता इसलिए चुप्पी साधे बैठे हुए हैं। भाजपा के किसी नेता का बयान पिछड़ा वर्ग के लोगों के इस अधिकार के समर्थन में नहीं आना इस बात का द्धोतक हैं की भाजपाइयों को पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण एवं भलाई से कोई सरोकार नहीं है एवं पिछड़ा वर्ग के लोगों के कल्याण की जो बात कर रहे हैं वह सिर्फ राजनीति से प्रेरित है।
आरएन वर्मा ने आगे कहां है कि इसी प्रकार का विधेयक कर्नाटक विधानसभा में भाजपा शासित सरकार के द्वारा लाया गया था, जहां तत्काल राज्यपाल द्वारा हस्ताक्षर कर दिया गया इसका वजह यह था कि वहा विधानसभा का चुनाव तत्काल होना था। छत्तीसगढ़ एवं झारखंड में भाजपाइयों के राजनीतिक कुटिलता के तहत ओबीसी, एससी, एसटी एवं गरीब लोगों को लाभ से वंचित करने का प्रयास किया जा रहा है जिसका खामियाजा भारतीय जनता पार्टी को भुगतना पड़ेगा।