दुर्ग

नेहरू नगर एवं कोसा नगर क्षेत्र की सडक़ों का होगा डामरीकरण
28-Apr-2023 3:53 PM
नेहरू नगर एवं कोसा नगर क्षेत्र की सडक़ों का होगा डामरीकरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 28 अप्रैल। नगर पालिक निगम भिलाई के नेहरू नगर तथा कोसानगर क्षेत्र अंतर्गत सडक़ का डामरीकरण कार्य किया जाएगा। जिसके लिए गुरुवार को महापौर नीरज पाल ने भूमि पूजन कर कार्य को प्रारंभ कराया। इस दौरान निगम आयुक्त रोहित व्यास, जिला अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर, सभापति गिरवर बंटी साहू, महापौर परिषद के सदस्य संदीप निरंकारी, पार्षद चंदेश्वरी बांधे तथा हरिओम तिवारी भी मौजूद रहे। नेहरू नगर तथा कोसानगर के इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को गडढे से मुक्ति मिलेगी।

महापौर ने जैसे ही भूमि पूजन किया वैसे ही डामरीकरण का कार्य शीघ्रता से प्रारंभ हो गया। डामरीकरण के लिए विभिन्न संसाधनों के साथ एजेंसी ने काम प्रारंभ कर दिया है। लगभग 1800 मीटर की लंबी सडक़ का डामरीकरण कार्य प्रारंभ होने से स्थानीय नागरिकों ने खुशी जाहिर करते हुए महापौर व निगम प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

भूमिपूजन कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्र के नागरिकों को महापौर नीरज पाल ने संबोधित करते हुए कि कहा निगम प्रशासन पूरे निगम क्षेत्र में प्राथमिकता के साथ विकास कार्य कर रही है, उन्होंने कहा की और भी विकास कार्य आगे किए जाएंगे। वार्ड 4 व 5 में 98 लाख की लागत शुरू किए गए डामरीकरण कार्य की लंबाई 1800 मीटर लंबी और 7 मीटर चौड़ी होगी।

ज्ञात हो कि इस सडक़ की हालत काफी खराब हो चुकी थी, आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना भी करना पड़ता था, जिसको देखते हुए महापौर नीरज पाल ने इन सडक़ों को दुरुस्त करने का फैसला लेकर डामरीकरण कार्य को करने अधिकारियों को निर्देशित किया था। जिसके चलते सडक़ों का डामरीकरण का कार्य प्रारंभ हुआ। शीघ्र ही यह कार्य पूर्ण हो जाएगा और लोगों को आने जाने में और असुविधाओं का सामना नहीं करना पड़ेगा। बारिश और रात के समय में भी लोग आसानी से आवागमन कर पाएंगे। वही महत्वपूर्ण सडक़ होने के कारण गंतव्य की ओर जाने में भी समस्या नहीं होगी। निगम आयुक्त रोहित व्यास ने शीघ्र ही सडक़ों के डामरीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं, उन्होंने गुणवत्ता का भी ध्यान रखने कहा है। जिसके चलते भिलाई में सडक़ों की स्थितियों को सुधारने का काम निगम प्रशासन के द्वारा तेजी किया जा रहा है। भूमि पूजन के दौरान शमशेर बहादुर, नरसिंगनाथ, जोन आयुक्त राजेंद्र नायक, कार्यपालन अभियंता संजय शर्मा तथा उप अभियंता पुरूषोत्तम सिन्हा के अलावा बड़ी संख्या में वार्ड के नागरिक एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट