दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 अप्रैल। साजा विधानसभा के बिरनपुर मामले में साजा क्षेत्र के भाजपा नेताओं ने भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी ओम माथुर से मिलकर पूरे मामले की जानकारी दी। क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता अधिवक्ता मूलचंद शर्मा ने प्रदेश प्रभारी को बताया है कि बिरनपुर में हुई घटना में निर्दोष लोगों को फंसाया जा रहा है। वास्तविक घटना की जांच से सरकार मुंह फेर रही है, जबकि वास्तविक गुनाहगार आज भी पुलिस शिकंजे से बाहर है।
श्री शर्मा ने प्रदेश प्रभारी को बताया कि पुलिस बेगुनाहों को पकड़ कर जबरदस्ती जुर्म कबूलवाने का प्रयास कर रही है। सारे मामले में जांच कर रहे अधिकारी सही तथ्यों को छुपा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना की न्यायिक जांच की आवश्यकता हैए ताकि घटना में संलिप्त लोगों को सजा मिल सके। मृतक भुनेश्वर साहू के पिता न्याय के लिए रो-रोकर गुहार लगा रहे हैं और बता रहे हैं कि घटना में किन-किन लोगों का हाथ है। इस घटना में संलिप्त वास्तविक गुनाहगारों को अभी तक नहीं पकड़ा गया है। जबकि आगजनी व अन्य घटना पर निर्दोष लोगों को शंका के आधार पर गिरफ्तार कर उनसे जुर्म कबूल करवाने की शिकायत मिल रही है। इस घटना में शासन को धारा 164 के अंतर्गत बयान दर्ज कर वास्तविक जांच करनी होगी ताकि गुनाहगार पकड़े जा सके। श्री शर्मा ने भाजपा प्रभारी न्यायिक जांच हेतु पहल करने का आग्रह किया।
श्रीशर्मा ने उन्हें यह भी बताया कि साजा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा प्रताडि़त किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से भी इस संबंध में साजा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं को संरक्षण देने की बात का आग्रह किया। इस मौके पर नथमल कोठारी, ईश्वर पटेल, बिसरू साहू मंडल महामंत्री समेत संगठन के अन्य पदाधिाकारी व पूर्व विधायक लाभचंद बाफना भी उपस्थित थे।