दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 27 अप्रैल। स्कूल आने जाने के दौरान किशोरी के साथ अश्लील शब्दों का प्रयोग करने एवं हाथ पकडक़र छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ एफटीसी संगीता नवीन तिवारी की कोर्ट ने आरोपी मनीष सेन उर्फ बॉबी को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 8 के तहत 3 वर्ष सश्रम कारावास, 400 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 1 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 12 के तहत 1 वर्ष सश्रम कारावास, 100 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 15 दिन के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है।
अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक संतोष कसार ने पैरवी की थी। 15 वर्षीय किशोरी धन्वंतरी स्कूल सुपेला में पढ़ रही थी। स्कूल आने जाने के दौरान आरोपी मनीष सेन किशोरी के साथ अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए छेड़छाड़ करता था। 23 जुलाई 2022 को भी दोपहर 2.30 बजे जब किशोरी स्कूल से लौट रही थी तब आरोपी ने उसके साथ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए छेड़छाड़ की। किशोरी ने घर पहुंच कर इस घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। सुपेला थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी।