दुर्ग

हेमचंद विवि, 60 फीसदी मूल्यांकन कार्य पूर्ण
26-Apr-2023 3:56 PM
हेमचंद विवि, 60 फीसदी मूल्यांकन कार्य पूर्ण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 26 अप्रैल। हेमचंद यादव विवि दुर्ग की 13 मार्च से आरंभ हुई वार्षिक परीक्षाएं समाप्ति की ओर है। मई के दूसरे सप्ताह में पूरी परीक्षांए समाप्त हो जाएगी। यह जानकारी देते हुए विवि के परीक्षा उपकुलसचिव, डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि जिन कक्षाओं की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी है उनकी उत्तरपुस्तिकाएं लगातार विवि द्वारा निर्धारित संग्रहण केन्द्रों पर पहुंच रही है। अब तक विवि में लगभग 09 लाख से उपर उत्तरपुस्तिकाएं प्राप्त हो चुकी है जबकि कुल उत्तरपुस्तिकाओं की संख्या लगभग 14 लाख के लगभग हैं।

डॉ. पटेल ने बताया कि विवि की कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने अधिकारियों की बैठक में मूल्यांकन कार्य में तेजी लाने के निर्देष दिये हैं। कुलपति ने कहा कि मई के प्रथम सप्ताह से परीक्षा परिणाम जारी होने की प्रक्रिया आरंभ हो जानी चाहिए। इस बीच सेेमेस्टर परीक्षाओं से संबंधित प्रायोगिक परीक्षाओं का आयोजन 01 मई से 15 मई तक किये जाने के निर्देश विवि द्वारा दिये जा चुके है। डॉ. पटेल के अनुसार विवि प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि स्नातक स्तर की अंतिम वर्ष की कक्षाओं के परीक्षा परिणाम पहले घोषित किये जाये जिससे परीक्षार्थी अन्य पाठ्यक्रमों एवं दूसरे शिक्षण संस्थानों में निर्धारित समय अवधि में प्रवेश ले सके।

डॉ. पटेल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार पिछले 15 दिनों में विश्वविद्यलीन परीक्षाओं में नकल प्रकरण की सख्या में कमी आयी है। इनमें दुर्ग में 12, बालोद में 09, बेमेतरा में 06, कबीरधाम में 14, तथा राजनांदगांव में 08 नकल प्रकरण दर्ज किये गये है। इन नकल प्रकरणों की जांच विवि द्वारा गठित यूएफएम कमेटी करेगी। 


अन्य पोस्ट