दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उतई, 24 अप्रैल। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एव सदस्य जिला पंचायत दुर्ग हर्षा चन्द्राकर ने एक विज्ञप्ति जारी कर कहा कि आगामी फसल के लिए किसान अब बीज खाद का उठाव सहकारी समितियों से प्रारम्भ कर दिया है। अन्य रासायनिक खाद के साथ राज्य की कांग्रेस सरकार द्वारा सोसायटी के माध्यम से किसानों को जैविक खाद लेना अनिवार्य कर दिया गया है। जबकि किसान अभी तक जैविक खाद में आत्मनिर्भर नहीं बन पाया है। आत्म निर्भर नहीं बन पाने का कारण यह भी है कि गोबर एवं अन्य सामग्री से मिलकर बनने वाले जैविक खाद में वह गुणवत्ता नहीं आ पाई है।
राज्य सरकार अब जैविक खाद को अनिवार्य कर किसानों के उपर एक प्रकार का जुल्म कर रही है। एक हजार मूल्य की जैविक खाद के बोरी में मानक का पता नहीं किसान को राज्य सरकार के आदेश से आर्थिक रूप से दोहरा बोझ का सामना करना पड़ रहा है, जिससे किसान परेशान है। पर किसान हितैसी का ढोंग रचने वाली सरकार को किसानों की जरा भी चिंता नहीं है।
जिला पंचायत सदस्य हर्षा ने किसानों से चर्चा के बाद बताया कि जैविक खाद में हमें पूर्ण गुणवत्ता मिल जाये तो रासायनिक खाद लेने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। किसानों को रासायनिक के साथ-साथ जैविक खाद लेने से खर्च बढ़ जाता है, उपर से गुणवत्ता के अभाव में जैविक खाद उपयोग करने से अन्य कई प्रकार के बीमारी के अलावा खेतों में कचरा पैदा हो जाते है जिससे निदाई के लिए खर्च भी बढ़ जाता है। इस तरह प्रदेश सरकार गुणवत्ता विहीन जैविक खाद को लेने के अनिवार्य करना गलत है।
चंद्राकर ने कहा कि सबसे बड़ी परेशानी किसानों को है कि सभी ग्रामों में गौठान नहीं है, जिससे किसानों को सहकारी समिति में रासायनिक खाद लेने के बाद अन्य ग्राम में जैविक खाद लेने जाना पड़ता है, जिसमें अतिरिक्त समय एवं पैसे की जरूरत पड़ती है। उन्होंने कहा कि सरकार की किसानों के प्रति जबरदस्ती के कार्य पर जल्द ही रोक लगनी चाहिए, चंद्राकर ने कहा की सरकार अपनी इस तुगलकी फरमान को तत्काल वापस ले अन्यथा जल्द ही इस मामले में किसान जागरण अभियान चलाया जाएगा।