दुर्ग
दुर्ग, 23 अप्रैल। चेक बाउंस के एक मामले में कोर्ट ने आरोपी को ब्याज सहित रकम की वापसी एवं 6 माह के कारावास की सजा दी है। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट कुमारी अंकिता तिग्गा ने आरोपी घनश्याम लाल जसवानी निवासी सिंधी कॉलोनी दुर्ग को धारा 138 पराक्रम में लिखित अधिनियम के तहत 6 माह के कारावास तथा 3.54 लाख अर्थदंड देने की सजा सुनाई है।
आरोपी यदि परिवादी को 1 माह के भीतर यह अर्थदंड की राशि अदा नहीं करेगा तो उसे 3 माह के अतिरिक्त सजा भुगतने का आदेश दिया है। अभियोजन पक्ष की ओर से अधिवक्ता नीरज चौबे ने पैरवी की थी। अधिवक्ता नीरज चौबे ने बताया कि आरोपी घनश्याम लाल जसवानी ने 13 फरवरी 2015 को परिवादी संजीव दुग्गड़ से 3 लाख रुपये उधार लिए थे। जिसके भुगतान के लिए आरोपी द्वारा 12 अगस्त 2015 को नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित दुर्ग का 3 लाख रुपये राशि का चेक परिवादी को दिया गया था।
उक्त चेक को परिवादी संजीव दुग्गड़ द्वारा आईडीबीआई बैंक शाखा स्टेशन रोड में क्लीयरेंस के लिए लगाया था। खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया। आरोपी को इसकी जानकारी होने के बावजूद भी वह परिवादी की रकम वापस करने में आनाकानी करने लगा। इस पर परिवादी ने अपने अधिवक्ता नीरज चौबे के माध्यम से आरोपी के खिलाफ परिवाद पेश किया था।