दुर्ग

वेतन विसंगति दूर करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू
23-Apr-2023 2:46 PM
वेतन विसंगति दूर करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर  चरणबद्ध आंदोलन शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 23 अप्रैल। तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों में वेतन विसंगति को लेकर भारी रोष व्याप्त है। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आव्हान पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों ने वेतन विसंगति दूर किए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर 19 अप्रैल से चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। इसके तहत वे बांह में काली पट्टी बांधकर कार्य कर रहे है। इस उनका यह आंदोलन 23 अप्रैल तक जारी रहेगा इसके बाद 24 को सभी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सामूहिक अवकाश लेकर जिला मुख्यालय में सांकेतिक हड़ताल करेंगे। इसके बावजूद मांग पूरी नहीं होने पर उन्होंने 1मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल में जाने का निर्णय लिया है।

संघ के जिला अध्यक्ष के अनुसार तहसीलदारों के वेतन से विकासखंड स्तर पर कार्यरत अन्य अधिकारियों का वेतन काफी अधिक है। तहसीलदार लोकसेवा आयोग की विभागीय परीक्षा उपरांत चयनित नायब तहसीलदारों को प्रशासनिक कुशलता पश्चात पात्रता अनुसार पदोन्नति उपरांत प्राप्त पद है जो तहसील स्तर पर प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके बावजूद पदोन्नत होकर भी वेतन ग्रेड पे बढक़र केवल4200 से 4300 लेवल10 दिया जा रहा है जबकि कई अन्य विभागों में यह लेवल नवीन पद नियुक्ति पर ही विकास खंड स्तरीय अधिकारियों को दिया जा रहा है।

तहसीलदार किसी भी तहसील के प्रशासनिक प्रमुख के रूप में कार्य करते हुए भी अपेक्षित वेतन नहीं मिलने से उपेक्षित है उनका कहना है छग से जुड़े राज्यों ओडिशा, उत्तरप्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्रप्रदेश में तहसीलदारों को स्लैब लेवल12 के अनुसार वेतन प्रदाय किया जा रहा है।

इसके अलावा उन्होंने तहसीलदारों नायब तहसीलदारों का संलग्नीकरण नहीं करने, तहसीलदारों को डिप्टी कलेक्टर के पद पर पदोन्नति, नायब तहसीलदारों को राजपत्रित अधिकारी का दर्जा, शासकीय वाहन एवं आवास उपलब्धता आदि की भी मांग रखी है।


अन्य पोस्ट