दुर्ग
कुम्हारी बाजार चौक का नामकरण माता कर्मा चौक के नाम पर करने की घोषणा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 23 अप्रैल। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल कुम्हारी नगर इकाई साहू संघ के मां कर्मा जयंती महोत्सव में पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि साहू समाज की आराध्य देवी माता कर्मा सेवा, त्याग, भक्ति और समर्पण की देवी है। भगवान कृष्ण की भक्ति में लीन माता कर्मा ने अपना पूरा जीवन सामाजिक और धार्मिक कार्य में समर्पित किया। इसलिए आज पूरे राज्य में माता कर्मा की जयंती श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ प्रदेशवासियों द्वारा मनाई जाती है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुम्हारी बाजार चौक का नामकरण माता कर्मा चौक के नाम से करने की घोषणा भी की।
सीएम ने कहा कि एकता व संगठन के लिए विचारों का सकारात्मक होना अति आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित जनों को सामाजिक तरक्की के लिए शिक्षा पर विशेष बल देने की बात कही। शासन की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने रिपा के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को जोडऩे के हेतु शासन द्वारा उठाए जा रहे सकारात्मक कदमों के बारे में बताया।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के स्वावलंबी और आत्मनिर्भर गांवों के सपने को साकार करने में रिपा महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी और युवाओं को रोजगार मुहैया कराएगी। इसके साथ-साथ श्रम का सम्मान हो इसके लिए हमारी शासन कटिबद्ध है इसलिए हमने इस वर्ष 1 नवंबर से होने वाली धान की खरीदी में प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान लेने का निर्णय लिया है। मिलेट मिशन को भी लगातार राज्य में बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे निसंदेह राज्य के किसान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ेंगे। आयोजन के प्रथम दिवस शुक्रवार को स्थानीय साहू समाज के युवाओं द्वारा गाजे बाजे के साथ नगर में बाइक रैली निकाली गई।
इस अवसर पर नंदलाल साहू जिला साहू संघ, राजेश्वर सोनकर अध्यक्ष नगरपालिका परिषद कुम्हारी, दीपक ताराचंद साहू पूर्व अध्यक्ष हस्तकला बोर्ड, राजेंद्र साहू अध्यक्ष जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, अश्वनी साहू अध्यक्ष कृषि उपज मंडी, श्याम लाल साहू तहसील साहू संघ धमधा, शुभम साहू छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल, मुरारी लाल साव कार्यकारिणी अध्यक्ष तहसील साहू संघ धमधा, कृष्ण कुमार साहू , दिव्या कलिहारी, जीवन लाल साहू, विजय लक्ष्मी साहू , देवेंद्र कुमार साहू , प्रमोद सिंह राजपूत अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुम्हारी, मनहरण यादव, फेकू राम साहू उपाध्यक्ष इकाई साहू समाज, भुजबल साहू, भुनेश्वर साहू उपाध्यक्ष इकाई साहू समाज परसदा, रतन साहू संगठन सचिव इकाई साहू समाज, लेखराम साहू, युवराज साहू, राकेश साहू नगर पालिका परिषद कुम्हारी, अशोक साहू एल्डरमैन एवं राजा साहू युवा प्रकोष्ठ कुम्हारी सहित बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग उपस्थित थे।