दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 अप्रैल। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर कटनी रेल खंड पर सिंहपुर स्टेशन में मालगाड़ी के पटरी से उतर जाने के बाद रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन अवरुद्ध हुआ है। कई ट्रेनों को रद्द रखा जा रहा है। 20 अप्रैल की रात से एक लाइन पर कुछ फास्ट ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। वहीं बहुत सी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। एक ही लाइन पर ट्रेनों को निकाले जाने के कारण दुर्ग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर शुक्रवार की शाम को यात्रियों की खचाखच भीड़ रही।
इसी दौरान कुछ देर के लिए स्टेशन की बिजली भी चली गई थी, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम के समय दुर्ग से छूटने वाली अमरकंटक एक्सप्रेस, सारनाथ एक्सप्रेस, नौतनवा एक्सप्रेस को एक के पीछे एक करके निकाला गया। इसके कारण प्लेटफार्म नंबर 1 पर भीड़ के कारण यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
नागपुर की ओर जाने वाली कई ट्रेनों को डाइवर्ट करके अन्य रास्तों से गंतव्य तक पहुंचाने का कार्य रेलवे प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। दुर्ग स्टेशन के चीफ स्टेशन मैनेजर जे प्रधान ने बताया कि कई ट्रेनों को रद्द कर दिए जाने के बाद दुर्ग की ओर आने वाले यात्रियों को लोकल ट्रेनों की मदद से दुर्ग तक लाया जा रहा है। दूर-दूर से यात्रियों को लोकल ट्रेन की मदद से दुर्ग स्टेशन पर प्लेटफार्म नंबर 6 पर उतारा जा रहा है। उसी से लगे प्लेटफार्म नंबर एक से जा रही ट्रेनों में यात्रियों को बैठाकर गंतव्य तक पहुंचाया जा रहा है। एक ही लाइन प्रारंभ रहने के कारण ट्रेनों को रोक रोक कर रवाना किया जा रहा है।