दुर्ग

हेमचंद यादव विवि की वार्षिक परीक्षाएं समाप्ति की ओर, मूल्यांकन तेजी से हो रहा पूर्ण
22-Apr-2023 3:51 PM
हेमचंद यादव विवि की वार्षिक परीक्षाएं समाप्ति की ओर, मूल्यांकन तेजी से हो रहा पूर्ण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 22 अप्रैल।
हेमचंद यादव विवि दुर्ग की अधिकांश स्नातक स्तर की परीक्षाएं 11 मई को समाप्त हो रही हैं। अनेक स्नातकोत्तर परीक्षाएं समाप्त हो चुकी है। इस प्रकार लगभग 60 प्रतिशत वार्षिक परीक्षाएं समाप्ति की ओर है।

यह जानकारी देेते हुए परीक्षा उपकुलसचिव डॉ. राजमणि पटेल ने बताया कि समूचा विवि इस समय प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियों में व्यस्त है, परन्तु इसके बावजूद परीक्षा विभाग विवि समन्वय केन्द्र में प्राप्त होने वाली उत्तरपुस्तिकाओं का तेजी से मूल्यांकन करा रहा है। अभी तक विवि में लगभग छ: लाख बहत्तर हजार उत्तरपुस्तिकाएं मूल्यांकन हेतु प्राप्त हो चुकी हैं। इनमें से आधे से अधिक उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पश्चात प्राप्तांक भी मूल्यांकनकर्ताओं द्वारा विवि को उपलब्ध करा दिये गये है।

डॉ. पटेल ने बताया कि विवि प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि जिन कक्षाओं की परीक्षाएं पूर्ण रूप से समाप्त हो चुकी है इनके परीक्षा परिणाम जल्द घोषित किये जाये। विवि द्वारा सैंकड़ों विशेषज्ञ मूल्यांकनकर्ताओं को मूल्यांकन कार्य का दायित्व सौंपा गया है। इस बीच मई-जून में आयोजित होने वाली सेमेस्टर परीक्षाओं के ऑनलाईन परीक्षा फार्म आवेदन करने की प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। सेमेस्टर परीक्षाओं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 से 15 मई तक आयोजित होंगी। डॉ. पटेल के अनुसार शीघ्र ही सेमेस्टर परीक्षाओं का टाईम टेबल जारी किया जायेगा।

विश्वविद्यालय में 24 अपै्रल को आयोजित होने वाले प्रथम दीक्षांत समारोह की तैयारियां जोरो पर है आज कुलपति, डॉ. अरूणा पल्टा ने विवि के अधिकारियों के साथ बीआईटी, दुर्ग के ऑडिटोरियम एवं पार्किंग स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस दौरान बीआईटी के डायरेक्टर, डॉ. अरूण अरोरा, डॉ. संतोष सार, भी उपस्थित थें। दीक्षांत समारोह के प्रतिभागियों हेतु समारोह स्थल के समीप दो सेल्फी प्वाइंट भी बनाये जा रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट