दुर्ग

विद्यालय प्राचार्यों की बैठक
20-Apr-2023 3:42 PM
विद्यालय प्राचार्यों की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 20 अप्रैल। भिलाई-चरोदा निगम सभागार में बुधवार को महापौर निर्मल कोसरे की अध्यक्षता एवं निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी की उपस्थिति में संपूर्ण निगम क्षेत्र के सभी विद्यालय के प्राचार्यों की बैठक संपन्न हुई।

बैठक का उद्देश्य स्कूल बिल्डिंग का संधारण, नवीनीकरण एवं रख रखाव था। यह बता दें कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा पूरे प्रदेश के शाला भवनों के नवीनीकरण सहित संधारण हेतु मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना अंतर्गत राशि जारी की गई है, जिससे प्राप्त राशि की सहायता से पुराने शाला भवनो की मरम्मत और रिपेयरिंग किया जाना है।

निगम भिलाई-चरोदा अंतर्गत 33 स्कूलों हेतु प्रथम चरण में निविदा आमंत्रित की गई थी। सभी का कार्यादेश जारी कर कार्य प्रारंभ करने ठेकेदारों को निर्देश जारी किए जा चुके हैं।  मीटिंग के दौरान संस्था प्रमुखों ने बताया कि सात स्कूल  में कार्य प्रारंभ हो चुका है।

भिलाई- चरोदा क्षेत्र के समस्त प्राथमिक पूर्व माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के प्राचार्य आज की बैठक में उपस्थित हुए। इस दौरान महापौर ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुरूप शाला प्रवेशोत्सव के समय जून में सभी विद्यालय विद्यार्थियों को आकर्षित करना चाहिए। इसके साथ ही निगम आयुक्त ने विद्यालय में अन्य किसी भी समस्या के संबंध में तुरंत पत्र के माध्यम से मांग प्रस्तुत करने की बात विद्यालय के प्रतिनिधियों से कही।

बैठक में महापौर निर्मल कोसरे सहित महिला बाल विकास विभाग की प्रभारी दिप्ती आशीष वर्मा, राजस्व विभाग के प्रभारी मोहन साहू,स्वास्थ्य अधिकारी अश्विनी चंद्राकर, सहायक लेखाधिकारी आर.के.देवांगन मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट