दुर्ग
दुर्ग, 20 अप्रैल। हेमचंद यादव विवि दुर्ग के 24 अपै्रल को शाम 3 बजे आयोजित होने वाले प्रथम दीक्षांत समारोह में जिन 124 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्णपदक प्रदान किए जाएंगे उनमें से लगभग 85 प्रतिशत संख्या छात्राओं की है, जबकि पीएचडी उपाधि प्राप्त करने वाले 13 शोधार्थियों में से 8 छात्र तथा 5 छात्राएं हैं। यह जानकारी देते हुए विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि छात्रों को भी प्रावीण्य सूची में सर्वप्रथम स्थान प्राप्त करने हेतु कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है।
डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार दीक्षांत समारोह के एक दिन पूर्व रिहर्सल हेतु बीआईटी, दुर्ग के ऑडिटोरियम में 23 अपै्रल को दोपहर 2 बजे स्वर्णपदक प्राप्त करने वाले सभी छात्र-छात्राएं, पीएचडी की उपाधि प्राप्त करने वाले सभी शोधार्थियों को आमंत्रित किया गया है। जहां उन्हें मुख्य दीक्षांत समारोह के प्रत्येक बिन्दु की विस्तार से जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ दीक्षांत समारोह में धारण करने वाली पगड़ी तथा विवि का बैज उपलब्ध कराया जाएगा।
जिससे दीक्षांत समारोह के दिन दोपहर 1 बजे वे सभी पूर्ण रूप से घर से तैयार होकर सीधे दीक्षांत समारोह स्थल पर पहुंचेंगे। छात्रों हेतु सफेद कुर्ता-पजामा तथा छात्राओं हेतु कोसे रंग की साड़ी ड्रेस कोड निर्धारित की गई है। छात्र एवं छात्राएं दोनों तथा विद्यापरिषद् एवं कार्यपरिषद् के सभी सदस्य भी पगड़ी एवं विवि का बैज धारण करेंगे जिसे विवि द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ- कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर, उच्च शिक्षा मंत्री, उमश पटेल, सांसद सरोज पांडे, विजय बघेल, विधायक, अरूण वोरा, देवेन्द्र यादव, अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित होने की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। इनके अलावा मुख्य दीक्षांत भाषण रामकृष्ण आश्रम, राजकोट के अध्यक्ष, स्वामी निखिलेश्वरानंद देंगे।