दुर्ग

पटरी पार करते मिर्गी का दौरा, धड़धड़ाते ट्रेन ऊपर से निकल गई
17-Apr-2023 3:07 PM
 पटरी पार करते मिर्गी का दौरा, धड़धड़ाते ट्रेन ऊपर से निकल गई

परिजन और पुलिस लापता को तलाशते रहे, मरच्युरी में हुई पहचान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 17 अप्रैल। भिलाई में बुजुर्ग की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग को मिर्गी की बीमारी थी। रेलवे ट्रैक पार करते समय अचानक उनको दौरा पड़ गया। उसी दौरान ट्रेन आई और बुजुर्ग की उसमें कटकर मौत हो गई। घर वालों ने शव की पहचान की है।

मिली जानकारी के मुताबिक 58 वर्षीय जवाहर सिंह लोधी महात्मा गांधी नगर कैंप-2 में रहते हैं। उनका फ्लैक्स-बैनर का अपना व्यवसाय है। रामनवमी में भिलाई टाउनशिप में उनके द्वारा फ्लैक्स-बैनर लगाए गए थे। दो दिन पहले शुक्रवार को वे घर से पैदल निकले थे। वे पॉवर हाउस स्टेशन के आगे से पटरी पार करके नेपाली मार्केट की तरफ फ्लैक्स बैनर और अपना कुछ सामान देखने जा रहे थे। जैसे ही वे पटरी पार करने लगे, उन्हें मिर्गी का दौरा आ गया। इससे वे वहीं बेहोश होकर गिर गए। इसी दौरान एक ट्रेन जवाहर सिंह के ऊपर से गुजर गई। इससे उनकी मौत हो गई।

 जवाहर सिंह का एक बेटा है, जो उनका व्यवसाय में हाथ बंटाता है और एक बेटी है। शुक्रवार को घर से निकलने के बाद जब जवाहर नहीं लौटे तो परिजनों को उनकी चिंता हुई। काफी खोजबीन करने के बाद जब उनका पता नहीं चला तो उन्होंने छावनी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

इसके बाद छावनी पुलिस ने परिजनों को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल सुपेला बुलाया। वहां मरच्युरी में रखी लाश दिखाई तो बेटे ने उसकी पहचान कर ली। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया है।


अन्य पोस्ट