दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 15 अप्रैल। ग्राम ओखरा सरपंच द्वारा सरकारी जमीन से अवैध मुरूम उत्खनन कराकर बेच दिया गया है। लगभग 5 एकड़ क्षेत्र में 20 फीट से भी ज्यादा गहराई तक खुदाई कर अवैध मुरूम उत्खनन किया गया है, इससे शासन को रायल्टी के रूप में प्राप्त होने वाली राशि का जबरदस्त नुकसान हुआ है। मामले में अधिवक्ता विवेक शर्मा ले उपसंचालक खनिज को ज्ञापन सौंप जांचकर कार्रवाई किए जाने की माँग की गई है।
शिकायतकर्ता श्री शर्मा के अनुसार वे वर्तमान में कुरूद में निवासरत है। ग्राम ओखरा नंदिनी नगर में उनकी कास्तकारी लगानी जमीन लगभग 4 एकड़ है, जिसमें में खेती किसानी का काम रेगहा में देकर करवाते है जिस संबंध में उनका ग्राम ओखरा में अक्सर आना-जाना लगा रहता है। उनका कहना है कि ग्राम ओखरा के सरपंच चोवाराम बंजारे द्वारा सरकारी मुरूम 5 एकड़ जमीन पर अवैध रूप से अपनी जेसीबी मशीनों से खुदाई कर मुरूम को बगैर किसी अनुमति के बेचा जा चुका है। वर्तमान में भी उक्त सरकारी जमीन से लगभग 20 फीट गहराई में मुरूम खोदकर बेचा जा रहा है।
जिला दुर्ग के खनिज शाखा से अनुमति प्राप्त किये बगैर ही यह खुदाई कर मुरुम बेचा जा रहा है, जिसका उनके द्वारा विरोध करने पर उन्हें मुंह बंद रखने चेतावनी दी जाती है। शिकायत कर्ता ने बताया कि सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी पर उपसंचालक खनिज शाखा दुर्ग द्वारा बताया गया कि खनिज शाखा कार्यालय कलेक्टर द्वारा कोई भी अनुमति वर्तमान समय में ग्राम ओखरा में किसी भी व्यक्ति एसंस्था, फर्म, कंपनी को खनन कर परिवहन की अनुमति नहीं प्रदान की गई है।
श्री शर्मा का कहना है कि ऐसी स्थिति में ग्राम ओखरा का सरपंच अपने पद का दुरूपयोग करते हुए उक्त सरकारी 5 एकड़ जमीन में 20 फीट अवैध मुरूम का उत्खनन कर शासन को करीब 5 करोड़ रूपये की रॉयल्टी एवं अन्य मद का नुकसान पहुंचाया गया है।
उन्होंने शिकायत पर उचित जांच एवं परीक्षण कर आरोपी के विरूद्ध दंडात्मक कार्रवाई किये जाने मांग की है। उप संचालक खनिज शाखा दुर्ग दीपक मिश्रा का कहना है शिकायत पर जांच में किसी भी तरह के अवैध मुरूम उत्खनन करना पाए जाने पर खनिज एक्ट के नियमानुसार कार्रवार्ई की जाएगी।