दुर्ग
विपक्षी पार्षद हुए लामबंद, कहा-गरीब, बेसहारा, दिव्यांग जनता है छूट पाने की अधिकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भिलाई नगर. 15 अप्रैल। नगर पालिक निगम भिलाई के भाजपा पार्षदों ने उद्योगपतियों को 50 फ़ीसदी संपत्ति कर में छूट दिए जाने के प्रस्ताव पर कल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उद्योगपतियों के औद्योगिक इकाइयों में संपत्ति कर में 50 फीसदी की छूट देने का निर्णय केवल बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से है। बड़े उद्योगपतियों से सरकार चुनावी चंदा लेती है, इसलिए उनको उपहार स्वरूप संपत्ति कर में 50 फीसदी की छूट देने का निर्णय सरकार ने लिया है। इसकी घोषणा के अनुरूप नगर निगम भिलाई के सामान्य सभा में औद्योगिक इकाइयों को संपत्ति कर में 50 फीसदी की छूट देने का प्रस्ताव लाया गया था। जिसमें भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि यदि बड़े-बड़े उद्योगपतियों की औद्योगिक इकाइयों को संपत्ति कर में 50 फीसदी की छूट देने का निर्णय सरकार ने लिया है तो इसके साथ साथ नगर निगम भिलाई के क्षेत्र में रहने वाले बीपीएल कार्ड धारी अटल आवास में रहने वाले एवं विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी उनके संपत्ति कर में 50 फीसदी की छूट दी जानी चाहिए।
इस पर नगर निगम भिलाई कांग्रेस सत्ताधारी कांग्रेसियों ने शोर-शराबा मचाकर इस मामले को टालने का प्रयास किया, जिससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि राज्य के कांग्रेस सरकार व नगर निगम भिलाई की कांग्रेस सरकार दोनों ही भिलाई की गरीब जनता के पुरजोर विरोधी है। जब सरकार बड़े उद्योगपतियों को संपत्ति कर में 50 फीसदी की छूट दे सकती है तो जिस जनता ने सरकार को अपना मत देकर सत्ता दिलाई है ऐसे गरीब जनता का क्या दोष है जो उन्हें इस छूट का लाभ नहीं मिलना चाहिए।
भिलाई के महापौर और उनके महापौर परिषद के सदस्य इन गरीब लोगों को छूट देने की बजाय गरीबों को फर्जी बताकर भिलाई की जनता का अपमान किया है जिन्होंने हम सभी जनप्रतिनिधियों को चुनकर नगर निगम भिलाई के सदन तक पहुंचा है।
हम सभी भारतीय जनता पार्टी के पार्षदों ने निर्णय लिया है। जब तक महापौर और उनके महापौर परिषद के सदस्य भिलाई की गरीब जनता के विरुद्ध दिए गए अपने बयान से माफी मांगे साथ ही साथ भिलाई की गरीब जनता को और वह बेसहारा लोग जिनका कोई सहारा नहीं है विकलांग विधवा परित्यक्ता ऐसे जितने भी लोग हैं उन सभी को उनके संपत्ति कर में 50 फीसदी का छूट देने का निर्णय लें अन्यथा भारतीय जनता पार्टी के सभी पार्षद सडक़ का आंदोलन करके सरकार को अपने इस निर्णय के लिए मजबूर करेंगे।
पत्रकार वार्ता में शामिल भाजपा पार्षदों में नेता प्रतिपक्ष भोजराम सिन्हा, संतोष मौर्य, महेश वर्मा, पीयूष मिश्रा, सत्यादेवी, नोहार वर्मा, रिकेश सेन, सरिता, विनोद चेलक,शैलजा प्रियंका साहू लक्ष्मी दिवाकर उपस्थित थे।