दुर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 14 अप्रैल। पिछले कुछ दिनों से जिले में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा रही है पांच दिनों में जिले का अधिकतम तापमान में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। जिले का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से पार हो गया। इससे दिन में गर्म हवाएं चलने लगी है।
जानकारी के मुताबिक 9 अप्रैल को जिले का अधिकतम तापमान 36.6 एवं न्यूनतम 21.2 डिग्री सेल्सियस था जबकि 13 अप्रैल गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.2 एवं न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस प्रकार पिछले 5 दिनों में जिले के अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान ने 2.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। दोपहर में गर्म हवा चलने से लोग घर से बाहर निकलने से बचने का प्रयास कर रहे है यहां यह बताना लाजिमी है कि सामान्यत: 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान मई के माह में होता है, मगर आधा अप्रैल भी गुजर नहीं पाया है और पारा चढ़ गया है।
गौरतलब है कि जिले में सप्ताह भर पहले तक बेमौसम बारिश की स्थिति बनी हुई थी बेमौसम बारिश व ओलावृष्टि से रबी फसलों को नुकसान भी पहुंचा। बारिश होने के बाद लोगों को बढ़ते तापमान से राहत की उम्मीद थी, मगर सूरज निकलते ही सूर्य की प्रखर किरणें तपाने लगी है।
इससे जहां तापमान में वृद्धि हुई है वहीं बादल पूरी तरह नहीं छटने से उमस भरी गर्मी भी बढ़ गई है।