दुर्ग

भारती विवि में दृष्टिहीनता निवारण सप्ताह पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
08-Apr-2023 2:36 PM
भारती विवि में दृष्टिहीनता निवारण सप्ताह पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 8 अप्रैल।
भारती विश्वविद्यालय, दुर्ग के आहार एवं पोषण विभाग के तत्वावधान में दृष्टिहीनता निवारण सप्ताह के अवसर पर विद्यार्थियों की जागरूकता के लिए ‘प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर सभी विभागों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढक़र भाग लिया। कार्यक्रम के आरंभ में आहार एवं पोषण विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती सपना पाण्डेय ने दृष्टिहीनता निवारण सप्ताह के इतिहास, महत्व, और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली चिकित्सा संबंधी प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विटामिन ए का बहुत महत्व बताते हुए कहा कि इससे आखों की बाहरी परत को सुरक्षा मिलती है। इसकी कमी हो जाए तो रतौंधी, ग्लूकोमा, कॉर्निया में सूखापन, घाव इत्यादि संबंधित परेशानियां हो जाती हैं। ऐसे में कुछ ठीक से नजर नहीं आता। इसके निवारण के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां शक्करकंद, पपीता, गाजर, विटामिन ए युक्त पोषक तत्वों का सेवन करने से रोकथाम किया जा सकता है।

इस क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से दृष्टिहीनता के अलग-अलग लक्षण, उनके निवारण संबंधी विटामिन्स एवं आहार की कमी से होने वाले दृष्टिहीनता संबंधी प्रश्न पूछे गये। इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर पोषण एवं आहार विभाग से मनीष सिंह, द्वितीय स्थान पर जुलॉजी विभाग से रौनल और तृतीय स्थान पर तनु रहीं। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की दृष्टिहीनता जैसे ग्लूकोमा, रतौंधी, मोतियाबिंद इत्यादि के बारे में जागरूक करना था। साथ ही उचित पोषण एवं आहार के माध्यम से दृष्टिहीनता संबंधी बिमारियों के रोकथाम के बारे में जानकारी उपलब्ध करानी थी।

इस अवसर पर माइक्रोबायोलॉजी से खोमलता साहू, बाटनी विभाग से चांदनी अफसाना और डॉ. अशुदीप खलखो, जुलॉजी विभाग से आयुषी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट