दुर्ग
दुर्ग, 7 अप्रैल। आपसी रंजिश के चलते चाकू मारकर युवक की हत्या करने वाले आरोपी को कोर्ट ने सजा दी है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजय कुमार जायसवाल की कोर्ट ने आरोपी झाजकेतन बाग को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास,1000 रुपए अर्थदंड तथा अर्थदंड न दे पाने पर 2 माह के अतिरिक्त सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक बालमुकुंद चंद्राकर ने पैरवी की थी। भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के पास स्थित उडिय़ा बस्ती सेक्टर 7 निवासी प्रिंस डोंगरे उर्फ डीजू डोंगरे 1 जनवरी 2022 को घर के पास हो रहे नए वर्ष के कार्यक्रम में पहुंचा था। वहां पर बज रहे डीजे पर प्रिंस डोंगरे अपने अन्य साथियों के साथ डांस कर रहा था। इसी दौरान रात लगभग 9 बजे आरोपी झाजकेतन बाग उर्फ टोलू निवासी उडिय़ा बस्ती सेक्टर 7 वहां पहुंचा और पुरानी बात को लेकर प्रिंस के साथ विवाद करने लगा। विवाद बढऩे पर आरोपी ने अपने पास रखें चाकू को निकाला और प्रिंस डोंगरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इससे प्रिंस लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। आस-पड़ोस के लोगों तथा दोस्तों ने तुरंत प्रिंस को इलाज के लिए चंदूलाल चंद्राकार हॉस्पिटल में पहुंचायाए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।