दुर्ग

लेखा अधिकारियों ने सचिव का दायित्व दिए जाने के विरोध में आंदोलन की दी चेतावनी
07-Apr-2023 3:16 PM
लेखा अधिकारियों ने सचिव का दायित्व दिए जाने के विरोध में आंदोलन की दी चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दुर्ग, 7 अप्रैल।  लेखा अधिकारियों ने ग्राम पंचायत सचिव के हड़ताल के चलते उन्हें  सचिव का दायित्व पर जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। छत्तीसगढ़ आंतरिक लेखा परीक्षण व करारोपण अधिकारी संघ ने इस संबंध में सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने सचिवीय दायित्व पर जाने का विरोध किया है। उन्होंने लेखा अधिकारियों को सचिव कार्य से मुक्त रखे जाने की मांग की है।

संघ के प्रांत अध्यक्ष प्रकाश शुक्ला द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि  अपनी एक सूत्रीय मांग को लेकर छग प्रदेश के समस्त ग्राम पंचायत सचिव आंदोलनरत है, इसके फलस्वरूप पंचायतों में सचिव कार्य के करने हेतु पंचायत विभाग में कार्यरत सहायक तथा वरिष्ठ आंतरिक  लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारियों को छग शासन संयुक्त सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा हस्ताक्षरित पत्रानुसार सचिवीय दायित्व दिए जाने निर्देश जारी किया गया है।

छत्तीसगढ़ आंतरिक लेखा परीक्षण एवं करारोपण अधिकारी संघ इसका विरोध करता है। इन लेखा अधिकारियों को सचिव कार्य से मुक्त रखा जाए। इनके द्वारा विभागीय दायित्व का निर्वहन किया जाता रहेगा। यदि सचिव दायित्व सौंपा जाता है, तो संघ आंदोलन करने हेतु बाध्य होगा। उन्होंने संघ सचिवों के मांगों का समर्थन करते हुए शीघ्र निराकरण करने का आग्रह भी किया है।

दुर्ग जनपद पंचायत सरपंच संघ अध्यक्ष मुकुन्द पारकर ने भी मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा इसमें कहा है कि पूरे प्रदेश के पंचायत सचिव अपनी एक सुत्रीय मांग शासकीयकरण  को लेकर अनिश्चितकालीन काम बंद कलम बंद हड़ताल पर है। ग्राम पंचायत सचिव राज्य शासन एवं केन्द्र सरकार की विभिन्न विभागों की योजनायें ग्राम पंचायत के अंतिम छोर के व्यक्तियों को लाभ पहुंचाने का काम पूरी निष्ठा एवं लगन से ईमानदारी के साथ संचालित करते है। इन लोगों के हड़ताल पर चले जाने से सरकार के महत्वकांक्षी योजना नरवा, घुरवा, गरवा, बाड़ी, महात्मा गाँधी राष्ट्रीय रोजगार गांरटी योजनाए निर्माण कार्य, बेरोजगारी भत्ता, आर्थिक सर्वेक्षण का कार्य प्रभावित हो रहा है। इसलिए इनकी जायज मांग अतिशीघ्र पूर्ण किया जाय।


अन्य पोस्ट